सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने महिला से आभूषण लूटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि 2 मई को रेशमा (77) पत्नी भगवानाराम मिरासी निवासी वार्ड नम्बर 2, सतीपुरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि वह घटना 1 मई को दोपहर करीब 2.05 बजे घर के पास पड़ोसी के यहां दूध लेने जा रही थी। दौलतराम के मकान के पास दो अज्ञात व्यक्ति मोटर साइकिल पर आए, जिनके मुंह कपड़े से ढके हुए थे। उन्होंने रास्ता पूछने के बहाने महिला को पास बुलाया। जैसे ही महिला उन्हें रास्ता बताने लगी, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले में पहनी सोने की ताबीती और हाथ की चांदी की अंगूठी छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथों में चोटें आईं और वह नीचे गिर गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, इससे पहले ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन महिला को उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए और तत्पश्चात पुलिस को सूचना दी। एसपी के अनुसार मामले में केस दर्ज कर जांच एएसआई निक्कूराम को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम की ओर से मानवीय व तकनीकी आसूचना संकलन, संदिग्धों की निगरानी तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अनुसंधान के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अभय कुमार उर्फ डेविड (20) पुत्र विनोद कुमार धाणक तथा राहुल कुमार (20) पुत्र सुभाष धाणक दोनों निवासी वार्ड 40, प्रेमनगर, टाउन शामिल हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में वारदात में प्रयुक्त बाइक व अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस में एएसआई निक्कूराम, प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद, कांस्टेबल नेतराम व सुरेन्द्र शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुरेन्द्र की विशेष भूमिका रही।
Leave a Reply