छत पर ताला-लोहे की ग्रिल बनी जानलेवा,बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं मिला

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलस गए। हादसा सुबह करीब 3:48 बजे बी-13, विवेक विहार फेज-1 स्थित भवन में हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, डीडीएमए और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

दमकल अधिकारियों के अनुसार आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई थी। हादसे के दौरान लगभग 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में कई लोग दम घुटने और बाहर नहीं निकल पाने के कारण जान गंवा बैठे।

स्थानीय लोगों ने आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट बताई है, जबकि कुछ लोग शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि भवन में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

प्रारंभिक जांच में इमारत में गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। भवन में बेसमेंट समेत चार मंजिलें थीं, लेकिन बाहर निकलने के लिए केवल एक ही सीढ़ी थी। इमरजेंसी एग्जिट की कोई व्यवस्था नहीं थी। इतना ही नहीं, छत का दरवाजा भी बंद मिला। स्थानीय लोगों और अधिकारियों के मुताबिक चोरी रोकने के लिए सीढ़ियों और छत की ओर लोहे की ग्रिल लगाकर डिजिटल लॉक लगाया गया था। आग लगने के दौरान कई लोग छत की ओर भागे, लेकिन लॉक बंद होने के कारण बाहर नहीं निकल सके। इससे हादसा और भयावह हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.