प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को स्थानीय पंचायत समिति सभागार में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में पूर्व विधायक बलवीर सिंह लूथरा, पूर्व विधायक संतोष बावरी, जिला परिषद सीईओ सहित दोनों जिलों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मंत्री ने शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण विकास की प्रगति का जायजा लेते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कार्यों में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निर्देशित किया। बैठक में जनसमस्याएं और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी प्रमुखता से छाए रहे। शिवपुरी 29 जीबी के ग्रामीणों ने पंचायत कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंत्री को ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, छात्र संगठनों ने निजी स्कूलों द्वारा शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत पात्र छात्रों को प्रवेश न देने और स्कूलों के जर्जर भवनों का मुद्दा उठाया। मंत्री दिलावर ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरटीई नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और जर्जर स्कूलों व सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। अंत में उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि जनहित के मामलों में जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने दोनों जिलों की समीक्षा बैठक ली

Leave a Reply