सूरतगढ़। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर अंबेडकर नवयुवक संघ और अंबेडकर शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में सर्व समाज के सहयोग से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गुरुद्वारे के सामने पंचशील ध्वज लहराकर और जय भीम के उद्घोष के साथ शोभायात्रा को रवाना किया गया।
इस अवसर पर विधायक डूंगरराम गेदर, रामनाथ कुटिया के महंत बाबा शांतिनाथ महाराज, पूर्व मंत्री रामप्रताप कासनिया, पूर्व विधायक राजेंद्र भादू और अशोक नागपाल, पूर्व जिला प्रमुख कविता रेगर, किसान नेता राकेश बिश्नोई, समाजसेवी वली मोहम्मद, भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह मान, नगर अध्यक्ष गौरव बलाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंबेडकर नवयुवक संघ के अध्यक्ष मनिंदर सारसर, पूर्व अध्यक्ष राकेश राठी और दिलीप करडू सहित टीम के सदस्यों ने अतिथियों को भीम दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
शोभायात्रा में सर्व समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में घोड़ियों पर सवार वीर बालिकाएं, दोपहिया वाहनों पर सवार युवा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरती हुई रैली अंबेडकर भवन पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में महाराणा प्रताप चौक, जीनगर गणेश मंदिर चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और राजनीतिक दलों द्वारा पुष्पवर्षा और जलजीरा वितरण के साथ रैली का स्वागत किया गया। रैली में कांग्रेस और भाजपा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Leave a Reply