मुंबई। डिजिटल इंडिया की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए रिलायंस जियो और बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ मिलकर फीचर फोन यूजर्स के लिए ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ मोबाइल बैंकिंग ऐप लॉन्च किया है। यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए है, जो अभी भी स्मार्टफोन की जगह साधारण मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं। यह ऐप विशेष रूप से जियो फोन प्राइमा 4जी के लिए डिजाइन किया गया है। इसके जरिए यूजर्स बिना स्मार्टफोन के भी यूपीआई भुगतान, पैसे ट्रांसफर, बिल पेमेंट और अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि यह कम इंटरनेट स्पीड और कीपैड फोन पर भी आसानी से काम कर सके। इस साझेदारी के तहत ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ ऐप जियोफोन प्राइमा 4जी में पहले से इंस्टॉल मिलेगा। यूजर्स इसे सीधे फोन की होम स्क्रीन से उपयोग कर सकेंगे। वहीं, मौजूदा जियोफोन यूजर्स इसे जियो स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यह ऐप सिर्फ बैंक ऑफ बड़ौदा ही नहीं, बल्कि अन्य बैंकों के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगा, जहां वे आसान प्रक्रिया से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस नई पहल से उन लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, जो अभी तक स्मार्टफोन या जटिल ऐप्स की वजह से डिजिटल बैंकिंग से दूर थे। ‘बीओबी वर्ल्ड लाइट’ ऐप न सिर्फ बैंकिंग को आसान बनाएगा, बल्कि देश में डिजिटल समावेशन को भी नई गति देगा।
Leave a Reply