सीमा संदेश # मिर्जावाली मेर। गांव के खेतों में सोमवार अल सुबह हाई वोल्टेज तार टूटकर गिरने से भीषण आग लग गई, जिससे करीब 2 से 3 हजार क्विंटल पशु चारा (पराली) जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार गांव की आबादी के समीप गौशाला समिति द्वारा पशुओं के लिए बड़ी मात्रा में पराली एकत्रित कर रखी गई थी। सुबह अचानक हाई वोल्टेज तार टूटकर इस चारे पर गिर गया, जिससे आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही गौशाला समिति के सदस्य एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पराली को अलग-अलग कर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पास के खेतों से पानी की व्यवस्था कर आग पर काबू पाया।गौशाला अध्यक्ष लूणाराम बाजीगर ने बताया कि गौवंश के लिए स्टोर किया गया लगभग तीन हजार क्विंटल चारा जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि नजदीक आबादी होने के बावजूद बड़ी जनहानि टल गई। बाल-बाल बचा गेहूं का खेत: घटनास्थल से करीब 100-150 फीट की दूरी पर किसान विक्रम सिंह का खेत स्थित है। हाल ही में कटाई के बाद बचा अवशेष एवं खड़ी गेहूं की फसल बाल-बाल बच गई। ग्रामीणों के अनुसार यदि तार खेत की ओर गिर जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
हाई वोल्टेज तार टूटने से पराली में लगी आग

Leave a Reply