हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन शहर के नजदीक मेगा हाइवे रोड पर स्थित गांव कोहला में रविवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। यहां टाइल्स के गोदाम की 135 फीट लम्बी और 15 फीट ऊंची दीवार अचानक गिर गई। यह घटना रात करीब 2 बजे की है, जब अधिकांश लोग सो रहे थे। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपए का टाइल्स का सामान मलबे के नीचे दब गया। दीवार गिरने की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। प्रशासन को भी इस घटना की सूचना दी गई। गोदाम मालिक मोहनलाल गोयल के अनुसार उनका गोदाम कोहला रोड पर स्थित है। 27 जून को हुई मूसलधार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी जो रविवार रात को अचानक ढह गई। उन्होंने बताया कि अगर यह हादसा दिन में होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था, क्योंकि दिन के समय मजदूर गोदाम में काम करते हैं। मोहनलाल गोयल ने प्रशासन से सहायता दिलाने की गुहार लगाते हुए बताया कि गोदाम में दीवार गिरने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गोदाम की दीवार गिरी, लाखों का नुकसान

Leave a Reply