झारखंड के स्कूल में बाढ़, 162 बच्चे फंसे

झारखंड के स्कूल में बाढ़, 162 बच्चे फंसे
  • सोशल मीडिया से खबर मिलने पर पुलिस ने बचाया; यमुनोत्री रूट पर बादल फटा, 2 मजदूरों की मौत
    नई दिल्ली।
    झारखंड के जमशेदपुर में लव कुश आवासीय स्कूल में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। स्कूल में 162 बच्चे फंस गए। सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस ने बच्चों को बचाया।
    उधर, उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से निमार्णाधीन होटल में काम करने वाले 2 मजदूरों की मौत हो गई और 7 मजदूर लापता हैं। वहीं, बागेश्वर में सरयू नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है। अलकनंदा और सरस्वती भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
    देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। उत्तराखंड में शनिवार से भारी बारिश जारी है। यहां चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए रोक दी गई है। यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं।
    उत्तर प्रदेश के मथुरा, लखनऊ, वाराणसी समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। फरुर्खाबाद में इतनी बारिश हुई है कि इटावा-बरेली हाईवे पर दो फीट तक पानी भर गया है। पिछले 24 घंटे में बाढ़ और बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है।
    ओडिशा के बालासोर में बुधबलंग, सुवर्णरेखा, जलाका नदियों में बाढ़ का अलर्ट
    ओडिशा सरकार ने रविवार को बालासोर जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है, क्योंकि क्षेत्र की कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं। अधिकारी ने चेतावनी दी है, बुधबलंग, सुवर्णरेखा, जलाका और सोनो सहित नदियों में जल स्तर बढ़ रहा है और सोमवार तक बाढ़ आ सकती है।
    बालासोर में जमीनी स्थिति की निगरानी और बाढ़ प्रबंधन में सहायता के लिए एक इंजीनियर-इन-चीफ और एक मुख्य इंजीनियर को तैनात किया गया है।
    सुवर्णरेखा नदी राजघाट में 8.41 मीटर पर बह रही थी, जो खतरे के निशान 10.36 मीटर के करीब थी।
    गोविंदपुर में बुधबलंग नदी का जलस्तर 6.94 मीटर दर्ज किया गया। मथानी में जलाका नदी पहले ही खतरे के निशान को पार कर चुकी है, यह 6.65 मीटर पर बह रही है।
    सुवर्णरेखा में आधी रात को 11.25 मीटर, बुधबलंगा नदी में सोमवार सुबह 9 बजे 8.20 मीटर और जलाकाट नदी में रविवार शाम 6 बजे 6.82 मीटर पर बाढ़ आने की आशंका है।
    पूरे हरियाणा में पहुंचा मानसून, सभी 22 जिलों में बारिश का अलर्ट
    मानसून ने 29 जून को पूरे हरियाणा यानी सभी 22 जिलों को कवर कर लिया है। 1 जुलाई तक राज्य में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इधर, बारिश के चलते फरीदाबाद में बिजली के तार टूटकर सड़क पर गिर गए, इसकी चपेट में स्कूटी सवार 2 महिलाएं आ गईं। इनमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर है। मृतका की पहचान तृष्णा विश्वास (42) के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.