श्रीगंगानगर में 47 डिग्री पहुंचा तापमान, भीषण गर्मी ने झुलसाया

श्रीगंगानगर में 47 डिग्री पहुंचा तापमान, भीषण गर्मी ने झुलसाया
  • लू से थपेड़ों ने बढ़ाई परेशानी, दोपहर में सड़कें सूनी नजर आई
    श्रीगंगानगर।
    श्रीगंगानगर जिले में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लू का असर तेज हो गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। तापमान 48 डिग्री तक पहुंच सकता है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
    गर्मी का असर शहर से लेकर गांव तक दिखा। दोपहर में सड़कें खाली रहीं। लोग जरूरी काम से ही, सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर निकल रहे हैं।
    बच्चों-बुजुर्गों की परेशानी बढ़ी
    दोपहर में बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ नजर आया। कई दुकानें दोपहर में ही बंद हो गईं। गांवों में किसान और पशुपालक पेड़ों की छांव या कमरों में पंखे-कूलर के सहारे में बैठे नजर आ रहे है। तेज धूप और गर्म हवाओं से बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पतालों में लू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉक्टरों ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक घर में रहने, ज्यादा पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है।
    कुछ दिन पहले हुई हल्की बारिश से राहत मिली थी। अब गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। पेड़-पौधे मुरझाने लगे हैं। पशुओं को पीने के पानी की कमी हो रही है। नगर परिषद और पंचायतों ने टैंकरों से पानी की आपूर्ति शुरू की है। जिला प्रशासन ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.