सीमा सन्देश # बीकानेर। इन दिनों बीकानेर प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में एक है। तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सड़कों पर निकलना मुश्किल है। रविवार से नौतपा शुरू हो रहा है, ऐसे में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान 47 और 50 डिग्री सेल्सियस के बीच भी रह सकता है। मौसम विभाग के बुलेटिन में भी बीकानेर में पारा पचास डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की ओर से जारी हीट इंडेक्स में राजस्थान के किसी भी जिले में तापमान चालीस डिग्री सेल्सियस से कम नहीं बताया गया है। सभी जिलों में पारा चालीस के पार है। वहीं बीकानेर सहित कुछ जिलों में पारा अब पचास डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की आशंका है। न सिर्फ अधिकतम बल्कि रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है।
रविवार को बीकानेर में अधिकतम गर्मी रहने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी में बीकानेर पर रेड स्पॉट दिखाया गया है, जिसका मतलब है कि पारा पचास डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग ने रात में भी लू चलने की प्रबल संभावना बताई है। बीकानेर के साथ ही जोधपुर संभाग और शेखावटी क्षेत्र में भी रात के समय लू चल सकती है।
ऐसे में लोगों को घरों में सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। बार-बार पानी पीने और कूलर, पंखे व एसी में रहने की अपील की जा रही है। उधर, गर्मी के कारण उल्टी दस्त के रोगी भी बढ़ गए हैं। हीट स्ट्रोक के रोगी बढ़ने से पीबीएम अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है। डॉक्टर्स को अलर्ट रखा गया है।
प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में बीकानेर भी:अधिकतम तापमान 46 डिग्री के पार, रात तक चलती है लू

Leave a Reply