बीकानेर. कभी भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मंत्री रहे बीकानेर के कद्दावर नेता देवी सिंह भाटी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चेतावनी दी है कि समय रहते सुधर जायें अन्यथा बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। सरदारशहर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी RLP के कार्यकर्ताओं के साथ भाटी का एक फोटो नए राजनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा कर रहा है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में भाटी ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को सिर्फ वोट बैंक समझती है, कार्यकर्ताओं को भी पिच्छलगू नहीं बनना चाहिए। समय आने पर आंख भी दिखानी चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया का नाम लिए बगैर भाटी कहा कि जिन नेताओं के हाथ में पार्टी की कमान है, वो कभी जमीनी नेता नहीं रहे। आज कार्यकर्ता अगर संकट में आए जाए तो जयपुर का नेता उसको पुचकारता नहीं है, उस पर हाथ नहीं फैरता है। अगर राज में भी ये ही नेता आ जाएंगे तो उनके निकट ही नहीं जा सकेंगे। आज जिसके पास कुर्सी नहीं है, वो जनता के बीच नहीं जाता। फिर राज में तो कार्यकर्ता को देखेंगे ही नहीं। पानी का संकट हुआ, कानून का संकट हुआ लेकिन ये नहीं आए। ऐसे नेता राज में आ गए तो और मारेंगे। इसलिए कार्यकर्ताओं को ऐसे नेताओं को थोड़ी आंख दिखानी चाहिए।