नई दिल्ली. 2024 में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन को दिल्ली की गद्दी से हटाने की तैयारी में विपक्ष कई महीने पहले से जुट चुकी है। दो बैठक के बाद विपक्षी पार्टियों की अब तीसरी बैठक होने जा रही है। इंडिया गठबंधन ने मुंबई में होने वाली तीसरी बैठक का शेड्यूल जारी किया है। ये बैठक 31 अगस्त और 1 सितम्बर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होनी है। आज बुधवार 30 अगस्त शाम 4 बजे महा विकास अघाड़ी (MVA) की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें आगे की रुपरेखा बताई जाएगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 31 अगस्त को INDIA गठबंधन में शामिल राजनीतिक पार्टियों के मुख्य नेता मुंबई पहुंच जाएंगे।
कब शुरू होगी बैठक?
विपक्षी गठबंधन की मुंबई में होने वाली तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होनी है। 31 अगस्त शाम 6 बजे तक सभी पार्टी के नेता होटल हयात पहुंच जाएंगे। शाम 6 बजे से 8.30 बजे तक यानी ढाई घंटे सभी विपक्षी नेताओं की फॉर्मल मीटिंग होगी। इसके बाद महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे सभी नेताओं के लिए डिनर का आयोजन करेंगे। बैठक के दूसरे दिन यानी 1 सितंबर को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक INDIA गठबंधन की मुख्य बैठक होगी। फिर तीन बजे के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस किया जाएगा और इस दौरान इस गठबंधन का लोगो भी जारी किया जाएगा।