देश के कुछ शहरों में E20 पेट्रोल यानी एथेनॉल मिला पेट्रोल बिकना शुरू हो चुका है। सरकार यह EBP यानी एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम के तहत कर रही है। पहले स्टेज में दस से ज्यादा शहरों में इसकी बिक्री शुरू हुई है, अगले दो साल में देशभर में E20 पेट्रोल मिलने लगेगा।
आज जरूरत की खबर में जानेंगे कि क्या है E20 पेट्रोल, इससे क्या फायदा है, क्या पुरानी गाड़ियों में भी यह इस्तेमाल हो सकेगा और क्या यह पेट्रोल से सस्ता होगा। आज के हमारे एक्सपर्ट हैं विकास योगी, ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट और नरेंद्र तनेजा, एनर्जी एक्सपर्ट।
सवाल: E20 पेट्रोल क्या है?
जवाब: जब 80% हिस्सा पेट्रोल का और 20% हिस्सा एथेनॉल का मिलाया जाए तो इसे E20 पेट्रोल कहा जाता है। इसका इस्तेमाल पेट्रोल की ही तरह ईंधन के रूप में किया जा सकता है।
सवाल: ये EBP क्या है?
जवाब: EBP यानी एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम। यह सरकार का एक प्रोग्राम है जिसके तहत साल 2018 में टारगेट रखा गया था कि साल 2030 तक देश में 20% एथेनॉल ब्लेंडिंग वाला पेट्रोल सभी जगह मिल सकेगा। मगर साल 2021 में सरकार ने इस टारगेट की समय सीमा पांच साल कम कर दी। अब 2025 तक सभी जगह E20 पेट्रोल उपलब्ध कराने का टारगेट सेट किया गया है।
सवाल: एथेनॉल क्या है?
जवाब: एथेनॉल एक तरह का अल्कोहल होता है। यह स्टार्च और शुगर के फर्मन्टेशन से बनता है। इसे गन्ने के रस, मक्का, सड़े आलू, सड़ी सब्जियां, मीठा चुकंदर, ज्वार, चावल की भूसी, गेहूं की भूसी या बांस से बनाया जाता है।
सवाल: क्या फ्लेक्स फ्यूल भी इसी को कहते हैं?
जवाब: हां, E20 पेट्रोल को ही फ्लेक्स फ्यूल या फ्लेक्सिबल फ्यूल कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसे किसी भी गाड़ी में यूज किया जा सकता है।