नई दिल्ली
भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में एक महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया था कि वह आज यानी रविवार को एक बड़ा ऐलान करने वाले हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर धोनी के इस बयान के बाद अफवाहें सामने आई थी कि वह चेन्नई सुपर किंग्स से संन्यास की घोषणा कर सकते हैं, लेकिन धोनी के लाइव आने के बाद ये अफवाह झूठ साबित हुई है। क्योंकि धोनी ने ऐसा कोई फैसला नहीं किया है।
टीम इंडिया के पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आमतौर पर निजी जीवन ही जीना पसंद करते हैं। धोनी कभी भी ज्यादा लाइमलाइट में नहीं रहते हैं। वह हमेशा खुद को सोशल मीडिया और पब्लिक लाइफ से दूर रखते हैं और सार्वजनिक रूप से तभी नजर आते हैं जब फैंस उन्हें क्लिक करने में कामयाब हो जाते हैं।
धोनी ने शनिवार को बताया था कि वह 25 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आने वाले हैं, जहां वो फैंस के साथ कुछ शानदार न्यूज शेयर करेंगे।