- अचानक तड़पने लगे बच्चे, 2 को रेफर किया, नर्सिंग कर्मियों को हटाया गया
सीमा सन्देश # बीकानेर के जस्सूसर गेट स्थित जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात बच्चों को एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाने के बाद 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को कंपकंपी छूटने लगी।
परिजनों ने हंगामा किया तो डॉक्टर्स मौके पर पहुंचे और बच्चों को संभाला। इनमें से 2 बच्चों को पीबीएम हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया था।
घटना के बाद रात करीब 1 बजे तक जिला अस्पताल में परिजन हंगामा करते रहे। नया शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
बीकानेर के सैटेलाइट अस्पताल (जिला अस्पताल) में भर्ती बच्चों को एंटिबायोटिक इंजेक्शन लगाया गया था। इस इंजेक्शन को लगाने से पहले एक टेस्ट लिया जाता है, जो नहीं लिया गया। नर्सिंग कर्मियों ने सीधे ही सौ फीसदी इंजेक्शन लगा दिया, जिससे थोड़ी देर में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।
जब बच्चों की तबीयत बिगड़ी उस दौरान हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष वार्ड में राउंड पर थे। डॉ. हर्ष ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इन बच्चों को संभाला। इसके बाद शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण चतुवेर्दी को भी मौके पर बुलाया गया।
बच्चों को दूसरा इंजेक्शन लगाया गया। इससे अधिकांश बच्चों की स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन 2 बच्चों की ज्यादा स्थिति बिगड़ते देख उन्हें पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। देर रात उनकी तबीयत भी सामान्य हो गई थी।
डॉ. हर्ष ने बताया कि सिफोटेक्सिम एंटीबायोटिक इंजेक्शन की नई सप्लाई आई है। अक्सर बच्चों में इस इंजेक्शन के लगने से रिएक्शन हो जाता है। रात में भी ये इंजेक्शन लगाया गया था। इसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी। परिजनों ने इस पर गुस्सा जताया था।
घटना के बाद कांग्रेस नेता अरुण व्यास मौके पर पहुंचे। व्यास और पीड़ित परिजनों ने अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष का घेराव कर लिया। करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही।
इस दौरान डॉ. हर्ष ने लिखित में दिया कि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। नर्सिंग स्टाफ को हटाया जाएगा। व्यास ने आरोप लगाया कि अस्पताल में दवा देने में भी आनाकानी की जाती है।
हंगामे की जानकारी मिलने पर नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत में पुलिस मौजूद रही लेकिन बाद में तनाव बढ़ता देख पुलिस ने इनको बाहर निकाल दिया।
बीकानेर में इंजेक्शन के बाद 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ी

Leave a Reply