सीमा सन्देश# श्रीगंगानगर। सयुक्त किसान मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को 12 सूत्री मांगों के समाधान को लेकर किसान नेता सुभाष सहगल के नेतृत्व में जिला प्रशासन से मिला। प्रतिनिधि मण्डल ने सिंचाई पानी के संकट से निपटने हेतु मांग की। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि देश की सीमाओं पर तनाव है इसके बावजूद सरकार और सिंचाई विभाग हमें आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे है। किसान संघर्ष समिति के प्रवक्ता सुभाष सहगल ने बताया कि पंजाब ने बीबीएमबी के निर्णयों को मानने से इनकार कर दिया है। उनकी ओर से 1981 के समझौते में संशोधन की मांग उठ रही है। यह हमारे लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने किसानों से हर वक्त आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की। किसान आर्मी के संयोजक मनिंद्र सिंह मान ने कहा कि गंगनहर में सिंचाई पानी का संकट युद्ध जैसी आपात स्थिति से भी अधिक भयंकर है। खेतों में बिजाई नहीं हुई तो किसान की आर्थिक रूप से कमर टूट जाएगी। उन्होंने फसल बीमा कंपनी द्वारा किसानों से 500 करोड़ की धांधली मामले में भी उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। किसान सभा के जिला महासचिव गुरचरण सिंह मोड़ ने कहा कि सीमावर्ती जिले में जिला प्रशासन हथियार लाइसेंस के पेंडिग मामलों ( नवीनीकरण/ ट्रांसफर) का अतिशीघ्र निपटारा करे। उन्होंने पाकिस्तान जाने वाले पानी को रोकने, पानी चोरी पर सख्त कानून बनाने व अवैध गन्ना पाइपों को हटाने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाई।
गंगानहर में रोज घट-बढ़ रहा पानी
अमतेंद्र सिंह क्रांति, अमरसिंह बिश्नोई, रविंद्र तरखान, निशान सिंह मान आदि किसानों ने एडीएम को कहा कि 20 मई तक नरमा बिजाई का पीक टाइम है लेकिन गंगनहर में पानी रोजाना घट बढ़ रहा है। किसानों ने कहा वर्तमान पानी के शेयर से किसान क्या बोएगा क्या खाएगा ? उन्होंने चेतावनी दी है सीमाओं पर तनाव होने पर किसानों ने जिला प्रशासन को परेशान नहीं किया, प्रशासन का हरसंभव सहयोग किया। अब प्रशासन को भी गंभीरता से किसानों को पूरा सिंचाई पानी उपलब्ध कराना चाहिए। टेल संघर्ष समिति के अवतार सिंह ने कहा 90 प्रतिशत नहर छोड़ने के नाम पर टेल के किसानों को पूरा पानी नहीं मिल पाता। उन्होंने पानी के असमान वितरण पर अंकुश लगाने व टेल के किसानों को पूरा पानी देने की मांग की। इस मौके पर किसान संघर्ष समिति, किसान सभा के सदस्यों के अलावा गुरलाल सिंह बराड़, अमरसिंह बिश्नोई, राकेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य मंगल सिंह बसरा, करणी सिंह, मोहन सिंह मोहनपुरा, अवतार सिंह संधु, निशान सिंह मान, सुखमनजीत सिंह ख्यालीवाला, सतीश खोथ, राणा सोढ़ी, कैलाश पूनिया, बब्बू मान, गुरपाल सिंह आदि किसान शामिल रहे।
सेना के शौर्य को समर्पित रक्तदान शिविर 15 को
गुरलाल सिंह बराड़ के अनुसार 15 मई को पदमपुर में संयुक्त किसान मोर्चा भारत पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित एक दिन का रक्त दान शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 मई को सुबह 10 से 2 बजे तक रक्तदान शिविर सिंहसभा गुरुद्वारा पदमपुर में आयोजित किया गया है।
ये है मांगपत्र
- गंगनहर में 20 मई तक शेयर को रिवाइज कर नरमा बिजाई हेतु 2500 क्यूसेक पानी दिया जाए
- पानी के असमान वितरण पर रोक लगे
- कोई 90 प्रतिशत नहर नहीं चलाकर टेल को पूरा पानी दिया जाए
- जहरीले पानी की रोकथाम हो
- फिरोजपुर फीडर के निर्माण के समय लिंक चैनल को वैकल्पिक व्यवस्था रूप इस्तेमाल हेतु साफ सफाई कराई जाए
- गंगनहर व सभी वितरिकाओं की साफ सफाई मनरेगा द्वारा कराई जाए
- नियम विरुद्ध गन्ना, बागवानी हेतु लगी पाईप, मोघे आदि हटाए जाए
- गांवों में पेयजल आपूर्ति हेतु नई जलदाय डिग्गीयों का निर्माण किया जाए
- पंजाब व राजस्थान में पानी चोरी पर अंकुश लगाओ, सख्त कानून बनाओ
- पौंग डैम/ भाखड़ा डैम को क्षमता अनुरूप पूरा भरा जाए
- पिछले पांच सीजन से बकाया फसल बीमा क्लेम का भुगतान किया जाए
- जिले में युद्ध जैसी आपात स्थिति में पेंडिग हथियार लाइसेंस के मामलों ( नवीनीकरण/ट्रांसफर ) का अतिशीघ्र निपटारा किया जाए
Leave a Reply