Wednesday, January 22निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

4 लाख करोड़ रुपये के मुनाफे में निवेशक, लगातार 7 दिन की गिरावट पर RBI ने लगाया ब्रेक

नई दिल्ली
बीते कारोबारी दिन अमेरिकी शेयर बाजार की बड़ी बिकवाली के बाद आशंका थी कि शुक्रवार को भारतीय बाजार भी क्रैश हो सकता है। हालांकि, इसके उलट शुक्रवार को शेयर बाजार में हरियाली लौट आई और लगातार 7 दिन की गिरावट पर ब्रेक लग गया। इस तेजी की वजह से निवेशकों को 4 लाख करोड़ रुपये का फायदा हो गया। 

सेंसेक्स-निफ्टी का हाल: कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1016 अंक या 1.80% की बढ़त के साथ 57400 अंक से ज्यादा के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 57,722.63 अंक तक पहुंच गया था। निफ्टी 50 में 276 अंकों या 1.64 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली और यह 17 हजार अंक के पर बंद हुआ। 

4 लाख करोड़ का मुनाफा: तेजी की वजह से बीएसई लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में करीब 4 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 272.40 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे एक दिन पहले मार्केट कैपिटल 268 लाख करोड़ रुपये के करीब था।

आरबीआई बना सहारा: दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति का ऐलान किया है। इसमें कई ऐसे फैसले लिए गए हैं जो वैश्विक मंदी के माहौल के बीच एक भरोसा पैदा करता है। विश्लेषकों ने कहा कि बाजार इस उम्मीद में है कि आरबीआई भारत में रेपो रेट बढ़ाए जाने के सिलसिले को रोक सकता है। जानकारी के लिए बता दें कि आरबीआई ने रेपो रेट में 0.50 प्रतिशत बढ़ोतरी की है और यह अब बढ़कर 5.90 प्रतिशत हो गई है, जो तीन साल का सबसे ऊंचा स्तर है।