नई दिल्ली. नए साल में टैरिफ बढ़ने के बावजूद 4G के मुकाबले 5G स्मार्टफोन की बिक्री ज्यादा होगी। अप्रैल-जून तिमाही के दौरान देश में 10 करोड़ से ज्यादा 5G फोन बिकने का अनुमान है। रिसर्च एजेंसी काउंटरपॉइंट के मुताबिक, 2023 के आखिर तक 4G स्मार्टफोन की तुलना में 5G हैंडसेट्स की बिक्री ज्यादा होगी।
नवंबर 2022 में 5G सेवाओं की शुरुआत हुई थी। उसके बाद से इस नेटवर्क का तेज विस्तार हो रहा है। हालांकि 5G स्मार्टफोन की बिक्री 2020 से ही हो रही है। लेकिन काउंटरपॉइंट का अनुमान है कि 2022 में ऐसे फोन की बिक्री बीते साल की तुलना में 81% बढ़कर 8 करोड़ तक पहुंच जाएगी। बाजार में सस्ते 5G फोन उपलब्ध होना इसकी वजह है। कुल बिक्री में 20,000 रुपए से कम के 5G फोन की हिस्सेदारी 2021 के 16% से बढ़कर 31% होने का अनुमान है।
5G सेक्टर में आएगा 1.5 लाख करोड़ का नया निवेश, पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस प्रमुख मुकेश अंबानी 2023 के दौरान 5G नेटवर्क पर 1.12 लाख करोड़ रुपए खर्च कर सकते हैं। भारती एयरटेल भी 27-28 हजार करोड़ खर्च करेगी। इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियां 5G अपग्रेड करने और ऑपरेटिंग कॉस्ट पर नियंत्रण के लिए टैरिफ बढ़ाएंगी। भारती एयरटेल ने हरियाणा और ओडिशा में एंट्री लेवल के प्री-पेड प्लान का टैरिफ 57% तक बढ़ाया है। रिलायंस जियो भी टैरिफ में 10% से ज्यादा बढ़ोतरी कर सकती है।
10 हजार रुपए की रेंज में भी 5G स्मार्टफोन
कंपनियां भारतीय बाजार में 10,000 रुपए की रेंज में भी एंट्री-लेवल के 5G स्मार्टफोन ला रही हैं। हालांकि कंपोनेंट की किल्लत, भू-राजनैतिक अस्थिरता और महंगाई जैसी समस्याओं की वजह से इस सेगमेंट में सेल्स ग्रोथ कुछ कम रहने के आसार हैं।
इस साल 81% बढ़ी 5G हैंडसेट्स की बिक्री
काउंटरपॉइंट की एनालिस्ट शिल्पी जैन ने बताया, ‘भारत में इस साल 5G फोन की बिक्री 81% बढ़ी है। अगले साल ये ग्रोथ 62% रहने का अनुमान है। 2023 के आखिर तक भारतीय बाजार में स्मार्टफोन की कुल बिक्री में 5G हैंडसेट्स की हिस्सेदारी 54% से ज्यादा हो जाएगी।’