भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त-व्यस्त

भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त-व्यस्त
  • गर्म तवे के जैसे तप रही दीवारें, लोग हलकान
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    नौतपा समाप्त होने के बाद इन दिनों गर्मी ‘कम बैक’ वाले अंदाज में नजर आ रही है। इसकी वजह से इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव का कहर जमकर बरस रहा है। सुबह से लेकर रात तक लोगों को तेज गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन तापमान नया रिकॉर्ड बना रहा है। सूरज की तपिश लगातार बढ़ रही है। सूरज उगने के साथ ही पारा चढ़ने का क्रम शुरू होता है और दोपहर होते-होते आसमान से आग बरसने लगती है। सड़कें आग के गोले की तरह तपने लगती हैं। चिलचिलाती हुई गर्मी में घर से बाहर निकलने पर भट्ठी की तरह गर्मी है। वहीं सूर्यास्त के बाद भी देर शाम 7-8 बजे तक घर की दीवारें गर्म तवे के जैसे तप रही हैं तथा गर्म हवा से लोग हलकान हैं। गुरुवार को लोग भीषण गर्मी व हीटवेव से परेशान दिखे और लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री को पार कर गया। भीषण गर्मी में जहां पहले कूलर-पंखे की हवा से राहत नहीं मिल रही थी वहीं अब एसी की हवा भी इतनी तपिश के आगे बेअसर साबित हो रही है। भीषण गर्मी में बेहाल लोग खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। लू के थपेड़े, चिलचिलाती धूप और अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक इतनी तेज धूप रहती है कि लोग बाहर निकलने से कतराते हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता जाता है गर्मी बढ़ती ही जाती है। रात के 10 बजे तक गर्मी की धमक साफ तौर पर महसूस की जाती है। भीषण गर्मी से मोबाइल फोन चार्ज करते समय चार्जर में विस्फोट हो रहे हैं। मोबाइल चार्ज नहीं हो रहे। ओवर हीट लिखा आता है। गर्मी की वजह से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक गुलजार रहने वाले चौक-चौराहे तथा बाजार में गिनती के ही लोग पहुंच रहे हैं। वहीं आईस्क्रीम पार्लर और जूस सेंटरों में लोगों की भीड़ जमा हो रही है।
    जरा सी असावधानी बन रही हीट स्ट्रोक का कारण
    भीषण गर्मी तथा तेज धूप की वजह से जरा सी असावधानी होते ही लोग हीट स्ट्रोक के शिकार बन रहे हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अगर इस गर्मी में खुद को लू लगने से बचाना है तो कोशिश कीजिए कि दिन के समय घर या आॅफिस से बाहर न ही निकलें। जितना संभव हो उतना ज्यादा पानी पिएं। इस गर्मी में ऐसे कपड़े पहनें जिनसे गर्मी का कम एहसास हो। कोशिश करें कि हल्के रंग और सूती के कपड़े ही पहनें। धूप में जाते समय चश्मा, टोपी या छाता जरूर रखें। तापमान ज्यादा होने की स्थिति में बाहर जाकर वॉक या एक्सरसाइज करने से बचें। कहीं अगर ट्रैवल कर रहे हैं तो अपने साथ पर्याप्त पानी जरूर रखें। घर पर बनी ड्रिंक्स जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ और शरबत का जितना हो उतना सेवन करें।
    इसलिए भीषण गर्मी, जल्द मौसम बदलने के आसार
    भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो पश्चिमी राजस्थान व आसपास एंटी साइक्लोनिक तंत्र बना हुआ है। इस कारण भीषण तपिश व गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। सीमावर्ती रेगिस्तानी क्षेत्रों से गर्म हवाएं पहुंचने के कारण भीषण गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। दिन में तपिश व गर्मी का प्रभाव अधिक होने के कारण रात में तापमान जल्दी नहीं गिरता। इस कारण रात में भी गर्मी का प्रभाव अधिक रहा रहा है। सीमावर्ती रेगिस्तानी क्षेत्रों की ओर से आने वाली गर्म हवाओं का प्रभाव देर रात तक बना हुआ है। इस कारण भी रात में गर्मी का प्रभाव अधिक रह रहा है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 14 व 15 जून को मौसम बदलने के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के कारण पश्चिमी राजस्थान में अंधड़ के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बन रही है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.