3 बैगों में भरकर दस्तावेज ले गई विजिलेंस टीम, सीएम बोले- अपना हो या पराया भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
जालंधर। पंजाब में आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है। टीम उन्हें अपने साथ ले गई है। विजिलेंस टीम ने सुबह 8.45 बजे अरोड़ा के अशोक नगर स्थित घर पर रेड की। जिस वक्त विजिलेंस टीम पहुंची, विधायक अरोड़ा कहीं जा रहे थे।
विजिलेंस ने घर के नजदीक मंदिर के मोड़ से उन्हें हिरासत में लिया था। इसके बाद टीम उन्हें घर में ले गई। जिसके बाद अंदर छानबीन की गई। पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार विधायक के पर्सनल असिस्टेंट को भी टीम ने हिरासत में लिया है।
बता दें कि विधायक का केस कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए एटीपी से जुड़ा हुआ है। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक विधायक पर आरोप है कि जालंधर नगर निगम के जरिए उन्होंने लोगों को नोटिस भिजवाए। फिर रुपए लेकर नोटिसों को रफा-दफा करा दिया। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है।
अरोड़ा पर एक्शन की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी थी। कुछ दिन पहले ही अरोड़ा की सिक्योरिटी वापस ले ली गई थी। आप नेता एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन सन्नी आहलूवालिया ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि रमन अरोड़ा को अरेस्ट कर लिया गया है। हालांकि रमन अरोड़ा के वकील ने रेड के दौरान गिरफ्तारी से इनकार किया था।
हैरानी की बात है कि 4 दिन पहले विधानसभा की नई कमेटियां गठित की गई थीं। इसमें रमन अरोड़ा को भी पब्लिक अंडरटेकिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया था।
पंजाब में भ्रष्टाचार केस में आप विधायक गिरफ्तार

Leave a Reply