निर्धारित से अधिक गति में चलाया दुपहिया तो कटेगा चालान

निर्धारित से अधिक गति में चलाया दुपहिया तो कटेगा चालान
  • यातायात शाखा के बेड़े में दो इंटरसेप्टर मोटर साइकिल शामिल
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    शहर के अन्दर मुख्य मार्गांे व बाहर हाइवे पर अब तेज गति में दुपहिया वाहन चलाना महंगा पड़ सकता है। निर्धारित से अधिक गति में दुपहिया वाहन चलाते ही आप स्पीड ट्रेकर गन की पकड़ में आ जाएंगे और चालान की कार्रवाई होगी। यातायात शाखा के बेड़े में हाल ही में दो इंटरसेप्टर मोटर साइकिल शामिल हुई हैं। इन पर स्पीड ट्रेकर गन लगी हुई है। इसके जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि दुपहिया वाहन कितने किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सड़क पर दौड़ रहा है। निर्धारित गति से अधिक गति में दुपहिया वाहन चलाते पकड़े जाने पर यातायात पुलिस की ओर से चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा चौपहिया वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने वाले चालकों पर भी यातायात पुलिस की नजर है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार चालान की कार्रवाई करने के साथ हाथोंहाथ ब्लैक फिल्म उतरवाई जा रही है। यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि दुर्घटनाएं नहीं हों, हर आदमी व वाहन चालक को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। इसके लिए पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के आदेशानुसार पूर्व में यातायात शाखा को चौपहिया इंटरसेप्टर वाहन आवंटित किया गया था। जयपुर रोड पर गांव नौरंगदेसर के पास, संगरिया रोड सहित ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित ऐसी अन्य जगहें जहां पर अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं वहां पर इंटरसेप्टर वाहन लगाया गया है। इसी कड़ी में करीब 15 दिन पूर्व ही पुलिस अधीक्षक की ओर से यातायात शाखा को दो इंटरसेप्टर मोटर साइकिल आवंटित की गई हैं। इनमें से एक इंटरसेप्टर मोटर साइकिल को टाउन-जंक्शन रोड पर हनुमान मंदिर के पास लगाया गया है। क्योंकि इस मार्ग पर तेजी से दुपहिया वाहन दौड़ाए जा रहे हैं। समय पर ब्रेक नहीं लगने के कारण हादसा हो जाता है। इसका खामियाजा दुपहिया सवार के पेरेंटस को भुगतना पड़ता है। दुपहिया वाहन चालकों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने, लोगों को जागरूक करने के लिए इंटरसेप्टर मोटर साइकिल पर लगी स्पीड ट्रेकर गन लगाई गई है। इस स्पीड ट्रेकर गन के जरिए निर्धारित गति से अधिक गति में वाहन चलाने का पता चल जाता है। निर्धारित से अधिक गति में वाहन चलाने पर चालान की कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल 1280 चालान किए जा चुके हैं। दिन में ही नहीं रात्रि को भी स्पीड ट्रेकर गन काम करती है। चालान करने के साथ ही वाहन चालकों के साथ समझाइश की जा रही है कि वाहन को तेज गति से न चलाएं। क्योंकि तेज गति जीवन के लिए क्षति है। उन्होंने वाहन चालकों से आह्वान किया कि वाहन को निर्धारित गति में ही चलाएं। शराब पीकर वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात न करें। हेलमेट व सीट बैल्ट लगाकर रखें। उन्होंने बताया कि चौपहिया वाहनों में शीशे पर ब्लैक फिल्म लगाने की अनुमति नहीं है। ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.