नगर पालिका सीमा से हटाने को लेकर विरोध तेज, नगर पालिका के आगे धरना प्रारंभ

नगर पालिका सीमा से हटाने को लेकर विरोध तेज, नगर पालिका के आगे धरना प्रारंभ
  • परिसीमन में बिना आपत्ति सुने एक तरफा कार्यवाही करने का लगाया आरोप
    नोहर (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कस्बे के वार्ड नं. 6 में वर्षांे से रह रहे सैकड़ों लोगों नगर पालिका सीमा से हटाने को लेकर विरोध तेज हो गया है। वार्ड के अनेक लोगों ने इसको लेकर शुक्रवार को नगर पालिका के आगे धरना प्रारंभ कर दिया। धरने पर वार्ड की अनेक महिलाए भी बैठी। वार्डवासियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा करवाये गये नये परिसीमन में वार्ड के सैकड़ो लोगों को नगर पालिका सीमा से हटा दिया गया है। जबकि वो वर्षों से वार्ड नं. 6 में रह रहे थे। वार्ड में उनके आधार कार्ड, पहचान पत्र के अलावा सैकड़ो मकान भी बने है। मगर हाल ही में हुये परिसीमन में बिना उनकी आपत्ति सुने एक तरफा कार्यवाही करते हुये उन्हें नगर पालिका सीमा से हटा दिया गया है। जबकि सैकड़ों परिवार वर्षांे से वार्ड में रह रहे हैं। नागरिकों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा पिछलें कई वर्षों से इस वार्ड में विकास कार्य करवा रही है। जबकि अब नगर पालिका इस क्षेत्र को नगरीय सीमा से बाहर मान रही है। जोकि न्याय संगत नही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नही कि गई। जिस कारण उन्हें मजबूर होकर आन्दोलन का सहारा लेना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के सैकड़ो लोग लम्बे समय से वार्ड नं. 6 के निवासी के रूप में मतदान भी कर रहे है। वार्ड नं. 6 के पार्षद बुधराम ने बताया कि नगर पालिका जिस क्षेत्र को नगर पालिका सीमा में नही मान रही है वहां के नागरिकों ने गत नगर पालिका चुनाव में मतदान कर उन्हें पार्षद चुना है। नगर पालिका की ये सम्पूर्ण कार्यवाही न्याय संगत नही है। इस मौके पर एसडीएम को दिये गये ज्ञापन में वार्ड नं. 6 के हटाये गये क्षेत्र को नगर पालिका में शामिल करने, वार्ड नं. 6 में नगर पालिका द्वारा अतिशीघ्र सुमोटो की कार्यवाही करने, मनमानी करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही करने की मांग की गई है। इस मौके पर रामकुमार टिडियासर, नियामत अली, बनवारी सुथार, विनोद चौहान, साहबराम, जसवीर, सोहनलाल, भंवरसिंह, मनीराम, लादूराम, प्रहलाद राय, धर्मपाल, सुखराम, खेताराम, सत्यनारायण, त्रिलोक, सोनू, गोरधन सहित अनेक वार्डवासी उपस्थित थे।
    ये कहना है पालिका ईओ का
    नगर पालिका ईओ बसंत सैनी ने बताया कि हाल ही में हुये नये परिसीमन में यह क्षेत्र नगरीय क्षेत्र से बाहर था। जिस कारण इसको किसी भी वार्ड में शामिल नही किया गया है। वर्ष 2019 में हुये परिसीमन में यह क्षेत्र गलती से नगरीय क्षेत्र में शामिल हो गया था। मगर अब इस क्षेत्र को नगर पालिका क्षेत्र से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1983 में जारी नोटिफिकेशन के आधार पर अभी तक नगरीय सीमा को कही भी बढ़ाया नहीं गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.