ट्रेड यूनियनों की देशव्यापी हड़ताल नौ जुलाई को

ट्रेड यूनियनों की देशव्यापी हड़ताल नौ जुलाई को
  • सीटू का स्थापना दिवस मनाया
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन स्थित जनशक्ति भवन में शुक्रवार को भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) का 55वां स्थापना दिवस मनाया गया। सीटू जिलाध्यक्ष आत्मासिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विचार संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें श्रमिक वर्ग की वर्तमान चुनौतियों और अधिकारों पर चर्चा की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आत्मासिंह ने कहा कि यह संगठन शुरू से ही श्रमिकों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है। आज के दौर में मजदूर वर्ग के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं। केन्द्र सरकार की ओर से श्रम कानूनों में किए जा रहे मजदूर विरोधी संशोधनों से श्रमिकों के अधिकारों और रोजगार की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। पूंजीवादी नीतियों के चलते मजदूरों की रोजी-रोटी पर लगातार हमले हो रहे हैं। ठेका प्रथा, निजीकरण और मजदूरी में कटौती जैसी नीतियां श्रमिक हितों के खिलाफ हैं। इस परिस्थिति में मजदूर वर्ग को वर्गीय और राजनीतिक चेतना को बढ़ाते हुए एकजुट संघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब तक मजदूर वर्ग संगठित होकर संघर्ष नहीं करेगा, तब तक अपने अधिकारों की रक्षा संभव नहीं है। बसंत सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियां मजदूर विरोधी हैं। लगातार श्रम कानूनों को बदलकर उन्हें मजदूरों के खिलाफ और कारखाना मालिकों के पक्ष में बनाया जा रहा है। चार लेबर कोड इसका उदाहरण है। सरकार चार लेबर कोड को लागू करने का प्रयास कर रही है। लेकिन मजदूर लगातार इन मुद्दों पर संघर्ष के लिए तैयार है। सरकार की ओर से लाए जा रहे चार श्रम लेबर कोड के खिलाफ नौ जुलाई को पूरे देश में हड़ताल की जाएगी। संगोष्ठी को जिला कोषाध्यक्ष बहादुर सिंह चौहान, हरजी वर्मा ने भी संबोधित किया और श्रमिक एकता का आह्वान किया। कार्यक्रम में मेजर सिंह, जगतार सिंह, जगदीश यादव, अनिल मोहन मिश्रा, संदीप बसौड़, महावीर सिंह, मोनू, रमनदीप कौर, श्रीचंद, मिथलेश सिंह, ललन सिंह, अरविन्द मुंशी, जितेन्द्र दास, शोपत राम आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.