सीमा सन्देश # जोधपुर। भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। शहर का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिसके चलते मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए हीटवेव का आॅरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोग तीखी धूप से बचने के लिए अलग-अलग पारंपरिक तरीकों का सहारा लेते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। शहर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों ने राहत भरी खबर दी है कि 25 मई के बाद लोगों को इस प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 25-26 मई से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 31 मई तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आंधी के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
दिनांक अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
20 मई 43.2 डिग्री सेल्सियस 30.5 डिग्री सेल्सियस
21 मई 43.3 डिग्री सेल्सियस 30.3 डिग्री सेल्सियस
22 मई 43.3 डिग्री सेल्सियस 31.5 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान के अन्य हिस्सों की स्थिति भी चिंताजनक है। प्रदेश के सात शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा गर्मी गंगानगर में महसूस की जा रही है, जहां लगातार दूसरे दिन तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें। बिना जरूरी काम के दोपहर में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और धूप से बचाव के उचित उपाय अपनाएं। प्रशासन की ओर से भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जोधपुर में गर्मी का अलर्ट,2 दिन और बढ़ेगी तपिश:तापमान 48 घंटे में हो सकता है 45 डिग्री पार, 25 मई के बाद ही राहत की उम्मीद

Leave a Reply