जर्जर सरकारी स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए आगे आएं सांसद व विधायक

जर्जर सरकारी स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए आगे आएं सांसद व विधायक
  • डोटासरा की जनप्रतिनिधियों से अपील
    जयपुर।
    झालावाड़ जिले के पीपलोदी गांव में सरकारी स्कूल की छत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों से राजनीति से ऊपर उठकर जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में जर्जर स्कूल भवनों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और अन्य जन उपयोगी भवनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए एमपीलैड और एमएलएलैड फंड का उपयोग प्राथमिकता से करें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। डोटासरा ने कहा, ‘यह वक्त पक्ष-विपक्ष का नहीं, जवाबदेही का है। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि फिर किसी स्कूल से चीखें न आएं, किसी मां की गोद सूनी न हो।’ उन्होंने यह भी कहा कि वर्षा ऋतु में जीर्ण-शीर्ण भवनों की हालत और भी गंभीर हो जाती है जिससे विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए शुक्रवार को कहा था कि केवल स्कूल की छत ही नहीं, सिस्टम भी गिरा है और अब नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.