चंडीगढ़
देश के माने जाने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पंजाब के CM भगवंत मान ने दुख प्रकट किया है। दोनों नेताओं ने लिखा कि बेशक राजू इस दुनिया में नहीं रहे मगर उनकी अदाकारी लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी।
राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि देते हुए हरियाणा के CM मनोहर लाल ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सबको हंसाने वाला आज सबकी आंखें नम कर गया। फिल्म जगत के जाने-माने चेहरे, मशहूर हास्य कलाकार एवं भाजपा नेता राजू श्रीवास्तव के निधन पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’
मान बोले मिस यू गजोधर भइया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया। भगवंत मान ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘राजू श्रीवास्तव ने अपने जीवन में हमें खूब हंसाया, लेकिन आज यह खबर सुनकर बहुत दुख हो रहा है। उनके साथ काफी काम किया और बहुत कुछ सीखने को मिला। राजू भले ही शारीरिक तौर पर हमारे बीच नहीं हैं पर उनकी अदाकारी हमेशा दिलों में जीवित रहेगी। मिस यू गजोधर भइया।’
कॉमेडी रिएलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में राजू श्रीवास्तव के अलावा भगवंत मान भी काम कर चुके हैं।
गजोधर भइया के नाम से मशहूर
राजू श्रीवास्तव को असली पहचान कॉमेडी रिएलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से मिली थी। इसी शो में उन्होंने गजोधर भइया का किरदार निभाया था। इसके बाद देशभर में उन्हें उनके फैंस गजोधर भइया के नाम से पुकारने लगे। हरियाणा-पंजाब से राजू श्रीवास्तव का विशेष लगाव था। ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में उनके साथ पंजाब के कई कलाकार थे। राजू भी अपनी परफॉर्मेंस में हरियाणा और पंजाब का जिक्र किया करते थे।
42 दिन से थे एम्स में भर्ती
पॉपुलर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन बुधवार सुबह हुआ। दिल्ली के एम्स अस्पताल में 42 दिन से भर्ती 58 वर्षीय राजू श्रीवास्तव ने 21 सितंबर को आखिरी सांस ली। उन्हें 10 अगस्त की सुबह-सुबह ट्रेडमिल पर दौड़ते वक्त दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद से ही वह एम्स में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। पहले ही दिन से राजू बेहोश थे। उनका शरीर रिस्पॉन्ड नहीं कर रहा था।