छत्रपति शिवाजी जयंती उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के वार्ड 22, रेगर मोहल्ला में गंगा मैया मंदिर के पास रविवार को श्री छत्रपति शिवाजी मराठा मंडल की ओर से छत्रपति शिवाजी की जयंती पर जयंती उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य में अल सुबह मां भद्रकाली मंदिर से मराठा मंडल सदस्य ज्योति लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके बाद छत्रपति शिवाजी के चित्र को पंचामृत स्नान करवाया गया। तत्पश्चात छत्रपति शिवाजी के चित्र के समक्ष ज्योति प्रज्वलित की गई व आरती की गई। इस मौके पर भीम मराठा ने कहा कि अपने साम्राज्य तथा धर्म की रक्षा करने वाले शिवाजी का जन्म 19 फरवरी 1630 को शिवनेरी महाराष्ट्र में हुआ था। इनके पिता शाहजी भोंसले एक सेनापति थे और माता जीजाबाई धार्मिक प्रवृति की महिला थी। शिवाजी को अपने माता-पिता से धर्म और कर्म का ज्ञान प्राप्त हुआ। शिवाजी ने 1674 में पश्चिमी भारत में मराठा साम्राज्य को स्थापित किया। शिवाजी ने अपनी एक नौसेना भी बनाई। भारतीय शासक शिवाजी महाराज एक ऐसे वीर शासक थे, जिन्होंने मराठा साम्राज्य की नींव रखी। इन्हें कई लोग हिन्दू सम्राट के नाम से भी उल्लेखित करते हैं। शिवाजी की हुंकार से दुश्मनों की रूह कांप जाती थी। छत्रपति शिवाजी का लोहा मुगलों ने भी माना था। उन्होंने बताया कि बचपन से ही सामंती प्रथा का विरोध करने वाले छत्रपति शिवाजी की जयंती हर वर्ष 19 फरवरी को मनाई जाती है। इस दिन शिवाजी के विचारों और वीर गाथाओं को याद किया जाता है। इस मौके पर जितेन्द्र मराठा, बजरंग मराठा, लोकेश मराठा, रामविलास माराठा, पांडे मराठा, विकास मराठा, शंकर मराठा, विशाल मराठा, प्रथमेश मराठा, कीर्तिक मराठा, अजीत मराठा, अमित मराठा, गंगाराम मराठा, नितिन मराठा, बाबू मराठा, सम्पत मराठा, सन्तोष मराठा, तातोबा मराठा, महेन्द्र मराठा, कुणाल मराठा, रूद्र मराठा, शिवम मराठा आदि मौजूद थे।