Saturday, January 18निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शिंजो आबे को अंतिम विदाई देने जापान जाएंगे पीएम मोदी, जानें क्यों हो रहा राजकीय अंतिम संस्कार का विरोध

नई दिल्ली
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को अंतिम विदाई देने प्रधानमंत्री मोदी 27 सितंबर को जापान जाएंगे। आबे को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। 8 जुलाई को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 17 जुलाई को उनके परिवार ने आबे का अंतिम संस्कार किया था। हालांकि अब उनको राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी जिसमें दुनियाभर के कई बड़े नेता शामिल होंगे। वहीं इस राजकीय सम्मान का जापान में विरोध भी हो रहा है। एक दिन पहले ही एक 70 साल के बुजुर्ग ने विरोध जताते हुए आत्मदाह करने का कोशिश की थी। 
मोदी और आबे की दोस्ती, मिल चुका है पद्म विभूषण
समाज की सेवा के लिए शिंजो आबे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। पीएम मोदी और आबे की दोस्ती के बारे में भी सभी जानते हैं। पीएम मोदी ने इस साल मई में भी उनसे मुलाकात की थी। 2018 की जापान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आबे के घर भी गए थे और उनके परिवार से मिले थे। आबे के कार्यकाल में भारत और जापाने के संबंध मजबूत हुए। 

हत्या के बाद भारत में हुई थी राष्ट्रीय शोक की घोषणा
शिंजो आबे को जापाने के नारा शहर में एक कैंपेन के दौरान गोली मारी गई थी। गोली लगने के बाद वह होश में थे। वहीं उनके आसपास ज्यादा सुरक्षा नहीं थी। आबे को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। भारत में उनकी हत्या के बाद एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई थी।