Tuesday, March 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम, हत्या के आरोप में मुकद्दमा दर्ज

हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड 46, जयप्रकाश कॉलोनी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के मामले में जिला अस्पताल के मोर्चरी कक्ष में रखे शव का रविवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम हुआ।
पुलिस ने मृतका अन्जू रानी पत्नी महेन्द्र कुमार शाक्य का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में महिला पुलिस थाना में मृतका के पिता की ओर से विवाहिता के जेठ-जेठानी सहित सात जनों के खिलाफ सम्पत्ति हड़पने के उद्देश्य से हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी रमेश चन्द्र माचरा भी जिला अस्पताल में मौजूद रहे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे मृतका के पीहर पक्ष के लोगों से समझाइश कर उन्हें शांत किया। समझाइश के बाद पीहर पक्ष के लोग शव लेकर रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार हीरालाल (58) पुत्र पूर्णराम शाक्य निवासी तेलूपुरा पीएस खुईयां सरवर तहसील अबोहर जिला फाजिल्का ने बताया कि उसकी पुत्री अन्जू रानी की शादी महेन्द्र कुमार पुत्र केवल कृष्ण शाक्य निवासी वार्ड 46 जयप्रकाश कॉलोनी, किले के पास हनुमानगढ़ टाउन के साथ करीब 11-12 वर्ष पूर्व हुई थी। उसका दामाद महेन्द्र भोलाभाला है। अन्जू का जेठ रिंकू व जेठानी सुनीता झगड़ालू किस्म के हैं जो उसके दामाद महेन्द्र व अन्जू की सम्पति को हड़पने चाहते थे। इसी रंजिशवश काफी समय से दोनों योजनाबद्ध तरीके से घर में अपना प्रभाव बढ़ा रहे थे। वे बिना वजह कोई न कोई बहाना बनाकर उसके दामाद महेन्द्र व अन्जू को मानसिक व शारीरिक रूप से टार्चर और मारपीट करते थे।
करीब तीन साल पहले रिंकू व सुनीता ने उसके दामाद महेन्द्र के साथ बुरी तरह से मारपीट की। उनसे तंग-परेशान होकर महेन्द्र ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। उसने अपने दामाद का इलाज करवाया जिस पर एक लाख रुपए खर्चा आया। इसके बाद भी रिंकू व सुनीता उसके दामाद के हिस्से की सम्पत्ति को हड़पने की फिराक में रहे। इसी रंजिश में वे उसकी पुत्री अन्जू व दामाद महेन्द्र से किसी न किसी बहाने से मारपीट करते। रिंकू व सुनीता उसकी पुत्री से अपने पीहर से रुपए लाने की बात कहते। इस पर उसने अपनी पुत्री को कभी एक लाख रुपए, कभी दो लाख रुपए तो कभी 50 हजार रुपए दिए। यह रुपए रिंकू उसकी पुत्री अन्जू रानी से ले लेता। रिंकू और सुनीता की पैसों की भूख और बढ़ती गई। वे आए दिन उसकी पुत्री अन्जू से मारपीट करते। उसकी पुत्री फोन पर सारी बात उन्हें बताती। मारपीट के कारण उसकी पुत्री की हालत बदतर हो चुकी थी। उसने कई बार पंचायत की। पंचायत में रिंकू व सुनीता अपनी गलती मान लेते तथा आइन्दा मारपीट न करने की बात कहते।
रिंकू व सुनीता ने धीरे-धीरे अपनी रंजिश में अपने ममेरे भाई नीरज, जीनू, मामा, मामी व मासी सास के लड़के को भी मिला लिया। इन्होंने एकराय होकर उसकी पुत्री अन्जू व दामाद महेन्द्र से मारपीट करना शुरू कर दिया और उनकी सम्पति हड़पने पर उतारू हो गए।
हीरालाल के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे उसकी पुत्री अन्जू ने अपनी बड़ी बहन मन्जू व बहनोई मैनपाल को फोन कर बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे नीरज, रिंकू, सुनीता, जीनू, मामी व मासी सास के लड़के ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की। नीरज उसका मोबाइल फोन छीनकर ले गया है। वे उसे जान से मारने पर उतारू हैं। कभी भी जान से मार सकते हैं। उसकी पुत्री अन्जू ने यह आपबीती अपनी माता को भी शनिवार को सुबह बताई।
इस पर वह शनिवार को अपने भाई ओमप्रकाश, अपनी बुआ के पुत्र सुभाष पुत्र रामस्वरूप, सीताराम पुत्र अर्जन राम व अपनी पत्नी आशा देवी, पुत्री मंजू, तेलूपुरा सरपंच ज्वाला राम को साथ लेकर कार पर हनुमानगढ़ टाउन में पुत्री के ससुराल जयप्रकाश कॉलोनी पहुंचा तो मोहल्लेवालों से पता चला कि उसकी पुत्री हॉस्पिटल में है। जब जब हॉस्पिटल गया तो पता चला कि अन्जू रानी की मौत हो चुकी है।
हीरालाल ने आरोप लगाया कि उसे पूरा अंदेशा है कि उसकी पुत्री के जेठ रिंकू, जेठानी सुनीता, ममेरे भाई नीरज, जीनू, मामा, मामी, मासी सास के लड़का ने एकराय होकर सम्पति हड़पने के लालच में उसकी पुत्री की हत्या कर दी है। महिला पुलिस थाना में आईपीसी की धारा 498ए, 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच सीओ सिटी रमेश चन्द्र माचरा कर रहे हैं।