Saturday, January 18निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

व्रत रख सुहागिनों ने मांगा अखंड सुहाग

– उल्लासपूर्वक मनाया गया हरियाली तीज का पर्व

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। क्षेत्र में शनिवार को हरियाली तीज का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया। आस्था, उमंग और प्रकृति प्रेम के इस पर्व पर युवतियां बेहद आनंदित नजर आर्इं। सुबह से सुहागिन महिलाएं सजने-संवरने में जुटी रहीं। हाथों पर रची हिना, खनकती रंग-बिरंगी चूड़ियां, माथे पर बिंदिया, हरे रंग के परिधान के साथ सोलह शृंगार कर महिलाओं ने तीज के गीत गाए। अखंड सुहाग एवं पति की दीर्घायु कामना की कामना के लिए व्रत रखा। कुंवारी कन्याओं ने मनोवांछित वर की प्राप्ति के लिए शिव-पार्वती की आराधना की। वहीं, झूलों पर सावन के गीत गाते हुए महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। हरियाली तीज को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जंक्शन स्थित सरस्वती कन्या महाविद्यालय की छात्राओं की ओर से हरियाली तीज पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार को कॉलेज फार्म में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। छात्राएं हरे रंग के पम्परागत परिधानों में सजधज कर कार्यक्रम में शामिल हुर्इं। छात्राओं ने झूलों का आनंद लिया। मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा समिति सचिव अमृतलाल सिंगला ने कहा कि इस आयोजन के पीछे का मकसद हजारों सालों से चली आ रही परंपरा को जीवित रखना है। इस मौके पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. श्याम सुन्दर शर्मा, सुलोचना बेनीवाल, प्रियंका तंवर, प्रदीप कुमार, सुनील कुमार, प्रेम कुमार, ओम प्रकाश त्रिपाठी, ईश्वर चंद आदि मौजूद थे।