बीकानेर. नगर निगम में नेशनल पेंशन स्कीम के तहत नियुक्त सैकड़ो कर्मचारियों के मासिक वेतन से हो रही कटौती की राशि वर्षो बाद भी उनके खातों में नहीं पहुंच रही है। यह राशि निगम के खाते में जमा हो रही है। जिससे कर्मचारियों को राशि पर मिलने वाला ब्याज का भी नुकसान कर्मचारियों को हो रहा है। निगम के कर्मचारी यूनियन कई बार इस कटौती की राशि को कर्मचारियों के खातों में जमा करवाने की मांग कर चुके है, लेकिन निगम स्तर पर चल रही उदासीनता का नुकसान कर्मचारियों को हो रहा है।
बताया जा रहा है कि निगम में 1500 से अधिक कर्मचारी कार्यरत है। जिनमें से 1260 कर्मचारी नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) के तहत वर्ष 2004 के बाद नियुक्त हुए है। इनमें से अधिकतर कर्मचारियों के प्रान नम्बर हाल ही में बने है। प्रान नम्बर बनने से पहले कर्मचारी के मासिक वेतन से राशि की कटौती होती रही, लेकिन कटौती की राशि अब तक उनके खातों में जमा नहीं हो पाई है।
करोड़ो रुपए बकाया
निगम में एनपीएस के तहत नियुक्त कर्मचारियों की कटौती की राशि करोड़ो रुपए है, जो निगम के खाते में जमा है। यह राशि कर्मचारियों के खातों में जमा होनी है। निगम प्रशासन एनपीएस खातों में यह कटौती की राशि जमा करवाने को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। बताया जा रहा है कि एनपीएस के तहत प्रत्येक कर्मचारी के मासिक वेतन से 10 प्रतिशत राशि की कटौती एनपीएस के तहत होती है। वहीं 10 प्रतिशत राशि सरकार की ओर से जमा करवाई जाती है। बीस प्रतिशत राशि कर्मचारी के खाते में जमा होनी है। वर्ष 2018 में जो कर्मचारी भर्ती हुआ है, उसकी हर माह राशि 4100 रुपए बनती है, जो एनपीएस खाते में जमा होनी है। इससे पहले नियुक्त हुए कर्मचारियों की राशि हर माह इससे भी अधिक है।
मृतक आश्रितों को लाभ नहीं
एनपीएस के तहत नियुक्त और सरकारी सेवा के दौरान कई कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है। कर्मचारियों के मासिक वेतन से एनपीएस के तहत कटौती भी हुई। लेकिन उनके प्रान नम्बर नहीं बने होने से कटौती की राशि उनके खातों में जमा नहीं हो पाई। ऐसे आठ कर्मचारियों के आश्रितों को कटौती की गई राशि का लाभ आज नहीं मिल पाया है। भुगतान के लिए मृतक आश्रित निगम के चक्कर निकाल रहे है।
जल्द जमा हो राशि
एनपीएस के तहत की जा रही मासिक कटौती राशि को कर्मचारियों के खातों में जमा करवाने में निगम उदासीनता बरत रहा है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्रशेखर चांवरिया के अनुसार निगम यह कटौती की गई राशि कर्मचारियों के खातों में जमा नहीं करवा रहा है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। कई कर्मचारियों की मृत्यु हो जाने के बाद भी उनके आश्रितों को किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं हुआ है। निगम प्रशासन जल्द कर्मचारियों के खातों में राशि जमा करवाए। सफाई कर्मचारी नेता शिवलाल तेजी व रतन लाल चांवरिया के अनुसार कटौती की राशि कर्मचारी के खाते में जमा नहीं होने से कर्मचारियों को नुकसान हो रहा है। कई बार निगम प्रशासन से इस संबंध में मांग की जा चुकी है। निगम प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
जल्द खातों में जमा होगी राशि
एनपीएस के तहत नियुक्त जिन कर्मचारियों के प्रान नम्बर जनरेट नहीं हुए थे उनके प्रान नम्बर जनरेट का कार्य पूरा हो चुका है। जिन कर्मचारियों की कटौती हो रही है व पिछला बकाया है, उनके बकाया भुगतान को उनके खातों में जमा करवाने का कार्य प्रक्रियाधीन है। जल्द कर्मचारियों के खातों में राशि जमा हो जाएगी।
गोपाल शर्मा, मुख्य लेखाधिकारी, नगर निगम, बीकानेर