बीकानेर. बीकानेर के रानी बाजार के एक घर में लूटपाट करने वाली महिला से पुलिस ने एक लाख चालीस हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। इस महिला को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वो पुलिस रिमांड पर है। बिहार निवासी इस महिला ने उसी घर में लूटपाट की, जहां वो कई महीनों से नौकरानी के रूप में काम कर रही थी।
पुलिस के अनुसार रूपा नामक ये महिला रानी बाजार में पंचमुखा हनुमान मंदिर के पास प्रेमलता माली के घर पर काम करती थी। दो दिन पहले जब प्रेमलता घर में अकेली थी, तो रूपा की नियत खराब हो गई। उसने लकड़ी की बनी थापी से प्रेमलता के सिर पर वार किया। पानी की कुंडी में गिराने का प्रयास किया। जब प्रेमलता बेहोश हो गई तो अलमारी की चाबी निकालकर लूटपाट की। उसने अलमारी से डेढ़ लाख रुपए और सोने चांदी के जेवर निकाल कर भाग गई। होश आने पर प्रेमलता ने अपने पति देव किशन माली को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। हाथों हाथ पुलिस सक्रिय हुई और शनिवार को रूपा को गिरफ्तार कर लिया। वो बिहार के फोरबेसगंज की रहने वाली रूपा पासवान पत्नी आनन्द पासवान है। पुलिस ने एक लाख चालीस हजार रुपए बरामद किए हैं, जबकि लूट डेढ़ लाख रुपए की बताई गई है।