मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां के खपोली इलाके में एक बस सड़क से उतरकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि 29 से अधिक घायल हुए हैं। इस दुर्घटना के ठीक बाद स्थानीय लोगों ने ही बस में सवार लोगों के बचाव की कोशिशें शुरू कर दीं। बताया गया है कि रेस्क्यू आॅपरेशन अब भी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, निजी बस पुणे से मुंबई जा रही थी। मुंबई-पुणे हाईवे पर ही शिंगरोबा मंदिर के पास ही यह नियंत्रण खोकर सड़क से उतरकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में 42 के करीब यात्री सवार थे। राहत-बचाव कर्मियों ने सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, बस में मुंबई के गोरेगांव के बाजी प्रभु वादक ग्रुप (पारंपरिक संगीत मंडली) के सदस्य सवार थे। वे पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड इलाके में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद गोरेगांव लौट रहे थे। बस शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना हुई थी। हादसा खंडाला घाट के पास सुबह करीब चार बजकर पचास मिनट पर हुआ। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे ने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई के सायन एवं गोरेगांव इलाके और पड़ोसी पालघर जिले के विरार के रहने वाले थे।