श्रीगंगानगर। रामलीला मैदान में श्री सनातनधर्म हनुमान राम नाटक समिति द्वार 24 सितबर से रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसे लेकेर संगठन सदस्यों द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। पिछले कुछ दिन रामलीला के संवादों का अभ्यास किया जा रहा है। इसी को लेकर समिति के ओम असीजा ने गुरुवार को शहर के एक होटल में प्रेस वार्ता में बताया कि रामलीला की तैयारियां की जा रही है। इस बार प्रयास रहेगा कि रामलीला के सभी प्रसंग जीवंत तरीके से दर्शकों तक पहुंचाए जाएं। ताड़का वध, राम के शिव धनुष तोड़ने, राम बनवास, सीता हरण, रावण-हनुमान संवाद, राम रावण युद्ध सहित विभिन्न दृश्यों में कलाकार कुछ इस तरह से भूमिकाएं अदा करेंगे कि दर्शक भक्ति से सराबोर हो जाएंगे। इस बार इस रामलीला में कैकई की भूमिका में वीना चौहान निभाएंगी। अन्य सभी भूमिकाएं पुरुष पात्र ही निभाएंगे। रामलीला के दौरान सेटअप इस तरह तैयार किया जाएगा जैसा रामलीला के चित्रण में आज तक सुनते आए हैं।