Thursday, January 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
रामलीला मंचन के लिए रिहर्सल के जरिए तराशे जा रहे पात्र
by seemasandesh
करीब बीस साल बाद दुर्गा मंदिर धर्मशाला में होगा रामलीला का मंचन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की दुर्गा मंदिर धर्मशाला में करीब बीस साल बाद फिर से रामलीला का मंचन होता हुआ नजर आएगा। श्री रामलीला रंगमंच समिति के बैनर तले रामलीला मंचन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रोजाना देर शाम तक रिहर्सल कर पात्रों को तराशा जा रहा है। उनकी कमियों को दूर किया जा रहा है। खास बात यह कि श्री रामलीला रंगमंच समिति के रामलीला मंचन में पुराने व मंझे हुए कलाकार हिस्सा लेंगे। करीब 50 सालों से रामलीला मंचन में हिस्सा ले रहे गिरीराज शर्मा रावण की भूमिका में नजर आएंगे। समिति ने रामलीला मंचन के लिए नए कलाकारों को भी मौका दिया है। कोरोना काल के चलते दो साल से रामलीला बंद थी। इस बार रामलीला शुरू होने से लोगों में काफी उत्साह है। समिति के कपिल शर्मा ने बताया कि रामलीला का मंचन 24 सितम्बर से 6 अक्टूबर तक किया जाएगा। 6 अक्टूबर को जिला कलक्ट्रेट के सामने दशहरा ग्राउंड में दशहरा मनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से अनुमति ली जा चुकी है। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य व कलाकार प्रेम दायमा के निर्देशन में तैयारियां कर रहे हैं। समिति के बलजीत सिंह ने बताया कि रामलीला मंचन करने की परंपरा पुरानी है। इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की विभिन्न लीलाओं को मंचित किया जाता है। रामलीला में अपने-अपने किरदारों को लेकर कलाकारों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। करीब दो सप्ताह पहले आयोजित बैठक में समिति सदस्यों को रामलीला मंचन की जिम्मेदारियां सौंप दी गई थीं। उन्होंने कहा कि हम सब अपनी इस प्राचीन परंपरा को बचाने के लिए संकल्पित हैं। परंपरागत आयोजन प्रशासन के सहयोग से सम्पन्न करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति के प्रकाश तंवर, पवन कुमार, दिनेश कुमार, अर्जुन शर्मा, कमलेश लखोटिया, कालूराम शर्मा, अशोक व्यास, जय किशन चावला, वीरेंद्र सिंह, चिमन मित्तल, टीवी कलाकार धर्मपाल बशीर, युधिष्ठर गक्खड़, अनिल गक्खड़, शांति बिस्सा, केवल कृष्ण शर्मा, राजकुमार ओझा, पुरुषोत्तम सोनी, प्रदीप चौधरी, विक्की पुरोहित, अमित अरोड़ा, मदन कुमार, सतीश इंदौरा, आजाद, साहिल कुमार आदि रामलीला मंचन के आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।