Tuesday, March 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राज्यपाल कलराज मिश्र बीकानेर में:एग्रीकल्चर स्टूडेंट्स को ग्रेजुएशन और डॉक्टरेट की उपाधि दी, कल MGSU में दीक्षांत समारोह

बीकानेर. राज्यपाल कलराज मिश्र तीन दिन की यात्रा पर बीकानेर पहुंच गए हैं। वे यहां स्वामी केशवानन्द एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी, महाराजा गंगा सिंह युनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के साथ ही राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में आ रही राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की अगवानी करेंगे। मिश्र भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर जवानों से भी मिलेंगे।

राज्यपाल मिश्र का शनिवार सुबह नाल हवाई अड्डे पहुंचने पर केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल और पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने स्वागत किया। राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनोद कुमार सिंह, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश शरण विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

इसके बाद वो स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षांत समारोह में पहुंचे। यहां समारोह की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने एक हजार 793 स्टूडेंट्स को ग्रेजुएशन डिग्री दी तथा 42 विद्यार्थियों को पोस्ट ग्रेजुएशन उपाधियां प्रदान की। 22 विद्यार्थियों को डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। विभिन्न विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 14 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं एक विद्यार्थी को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से नवाजा गया।

राज्यपाल कल महाराजा गंगा सिंह युनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। यहां एक लाख 11 हजार स्टूडेंट्स के लिए ग्रेजुएशन डिग्री जारी की जाएगी। गोल्ड मेडल और डॉक्टरेट की उपाधि दी जाएगी। दोनों युनिवर्सिटी के कार्यक्रम के बाद राज्यपाल खाजूवाला में भारत-पाकिस्तान सीमा पर डटे जवानों से मुलाकात करेंगे।