नई दिल्ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इन दिनों कर्नाटक में है। बारिश के कारण शनिवार को इस यात्रा में देरी हुई। कर्नाटक में आज यात्रा का दूसरा दिन है और गुंडलूपेट में मूसलाधार बारिश की वजह से यात्रा बाधित हुई। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के अनुसार, यात्रा शनिवार को चामराजनगर जिले के तोंडावाड़ी से सुबह साढ़े छह बजे आगे बढ़नी थी।
कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘भारत जोड़ो यात्रा अपने 24वें दिन बेगुर से सुबह साढ़े छह बजे शुरू होनी थी, लेकिन बारिश के कारण इसमें विलंब हो गया है। 15 दिनों के अंतराल के बाद बारिश हुई और इससे किसानों को फायदा होगा। यह निश्चित रूप से वही है जिसके लिए प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से यात्रा निकाली जा रही है।’
‘BJP-RSS बैकफुट पर आने को मजबूर’
जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से नए राहुल गांधी का उदय हुआ है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा और आरएसएस बैकफुट पर आने को मजबूर हो गए हैं। वे सब लोग परेशान हैं, क्योंकि भारत जोड़ी यात्रा से नए राहुल गांधी और नई कांग्रेस पार्टी उभरकर सामने आई है।’