बीकानेर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने शनिवार को बीकानेर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। कुछ भाजपा नेताओं से अलग से मुलाकात भी की गई। पूनिया ने देशनोक पहुंचकर करणी माता के दर्शन किए और बाद में बीकानेर में भाजपा नेता जतिन सहल के यहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात करके श्रीडूंगरगढ़ के लिए रवाना हो गए।

देशनोक में करणी माता के दर्शन करते बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया।
शुक्रवार देर रात तक भाजपा कार्यालय में संभाग पदाधिकारियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव और संगठन को लेकर चर्चा हुई। पूनिया ने साफ तौर पर कहा कि संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही विधानसभा चुनाव में अवसर दिया जाएगा। संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ता ही आगे बढ़ सकते हैं। पूनिया ने कुछ भाजपा नेताओं से अलग से मुलाकात भी की। शनिवार सुबह पूनिया देशनोक पहुंचे। यहां करणी माता के दर्शन किए। इस दौरान बीकानेर व देशनोक के पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी पूनिया के साथ रहे।

कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
उपन्यास में दिखाई रुचि
पूनिया भाजपा नेता जतिन सहल के घर चाय पीने पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया बाद में सहल के घर में स्थित लाइब्रेरी का अवलोकन करने लगे। इस दौरान उन्हें उपन्यासों का संग्रह दिखाई दिया। पूनिया ने इस एक-एक उपन्यास को देखा और बाद में पढ़ने की इच्छा भी जताई। ऐसा लगा जैसे पूनिया को उपन्यास पढ़ने का शौक रहा है।
श्रीडूंगरगढ़ होकर जयपुर जाएंगे
पूनिया यहां से श्रीडूंगरगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं, जहां भाजपा नेता रामगोपाल सुथार के घर जाएंगे। यहां से वो सीकर होते हुए जयपुर पहुंच जाएंगे। दो दिन के दौरे में पूनिया ने चार विधानसभा क्षेत्रों में जन आक्रोश सभा को संबोधित किया। बीकानेर के लूणकरनसर में जनसभा के बाद रात में संभाग संगठन और अग्रिम संगठनों के अध्यक्षों व महासचिवों से मुलाकात की।