मुंबई
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 76.77 पॉइंट यानी 0.15% की मजबूती के साथ 52,551 पॉइंट पर रहा। एनएसई निफ्टी 10.10 पॉइंट यानी 0.06% बढ़कर 15,809.45 पॉइंट पर बंद हुआ। सेंसेक्स में 650 पॉइंट जबकि निफ्टी में 200 पॉइंट से ज्यादा का उतार-चढ़ाव हुआ।
शेयर बाजार की शुरुआत नेगेटिव हुई और शुरुआती घंटे में निफ्टी और सेंसेक्स दोनों धड़ाम हो गए। 15,791 पर खुला निफ्टी लगभग 200 पॉइंट की गिरावट के साथ 15,606 पर चला गया था। इसी तरह 52,492 पर खुला सेंसेक्स लगभग 550 पॉइंट गिरकर 51,936 तक पहुंच गया था।
इससे पहले शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 174.29 पॉइंट ऊपर 52,474.76 पर रहा था जबकि निफ्टी 61.60 अंक की बढ़त के साथ 15,799.35 पर बंद हुआ था।
शुरुआती कारोबार में अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 20%, अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनोमिक जोन के शेयर में 16.61%, अडाणी पावर के शेयर में 5%, अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर में 5%, अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर में 5% और अडाणी टोटल गैस के शेयर में 5% की कमजोरी रही।
दरअसल, ऐसे तीन विदेशी फंड्स के खाते सीज किए जाने की खबर आई थी, जिनका अडाणी ग्रुप की चार कंपनियों में लगभग 43,500 करोड़ रुपए का निवेश है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन फंड्स के खिलाफ कार्रवाई मनी लाउंड्रिंग एक्ट के नियमों के उल्लंघन के चलते हुई है।
बाजार पर दोपहर 1.20 बजे से पहले तक बिकवाली का दबाव रहा। छोटी और मझोली कंपनियों के स्टॉक इंडेक्स में फ्रंटलाइन शेयरों वाले इंडेक्स से ज्यादा गिरावट आई थी। निफ्टी के मिड कैप 100 में 0.45% की गिरावट आई, जबकि निफ्टी स्मॉल कैप 100 में 0.27% की कमजोरी रही।
बाजार को सपोर्ट देने वाले सेक्टर इंडेक्स में निफ्टी PSU बैंक, एनर्जी, IT और FMCG शामिल रहे। सबसे ज्यादा 1.52% की गिरावट रियल्टी सेक्टर इंडेक्स में आई। निफ्टी के मेटल और मीडिया सेक्टर के इंडेक्स में लगभग 0.60% की कमजोरी रही।
सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की मिली-जुली शुरुआत रही। सेंसेक्स 17.58 अंक मामूली बढ़त और निफ्टी 7.95 पॉइंट की मामूली गिरावट के साथ खुला। अडाणी ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट आई।
श्याम मेटालिक्स का IPO आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुला। एनालिस्टों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में मेटल का दाम बढ़ने और घरेलू मांग में सुधार आने पर कंपनी को फायदा हो सकता है। इसे ज्यादातर एनालिस्टों ने ‘सब्सक्राइब’ रेटिंग दी है। सोना कॉमस्टार का IPO भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट और डेरिवेटिव एनालिस्ट चंदन तापड़िया के मुताबिक, शेयर बाजार में बन रहा खरीदारी का पैटर्न बताता है कि हर गिरावट पर खरीदारी हो रही है। उनका कहना है कि ऐसे में अगर निफ्टी 15,750 पॉइंट से ऊपर बना रहता है, तो 15,900 पॉइंट की तरफ बढ़ेगा।
तापड़िया का यह भी कहना है कि 15,900 पॉइंट का लेवल को पार करने के बाद निफ्टी 16,000 पॉइंट की तरफ बढ़ता नजर आ सकता है। गिरावट आने पर पहले 15,600 पॉइंट और फिर 15,500 पॉइंट पर सपोर्ट मिलेगा। वायदा बाजार के डेटा के मुताबिक निफ्टी इस हफ्ते 15,500 से 16,000 पॉइंट के दायरे में रह सकता है।
अगले 30 दिन तक बाजार की चाल कैसी रह सकती है, इसके बारे में अनुमान देनेवाला वोलैटिलिटी इंडेक्स 4.36% बढ़ा है। पिछले लगातार छह हफ्तों से गिर रहा इंडिया VIX ऊंची छलांग लगाने से पहले फरवरी 2020 के लेवल तक पहुंच गया था। कम वोलैटिलिटी तेजी के बाजार का संकेत होता है लेकिन उछाल तेज उतार-चढ़ाव के संकेत दे रहा है।
आज टोरेंट फार्मा, गोदरेज कंज्यूमर, ICICI प्रू, मुथूट फाइनेंस, RIL, टाटा मोटर्स, ONGC, SAIL, पावर ग्रिड, डिवीज लैब, बजाज फाइनेंस, विप्रो, बाटा इंडिया, सिप्ला और डाबर में मजबूती का रुझान रहा। BHEL, अडाणी इंटरप्राइजेज, DLF, सन टीवी नेटवर्क, सीमेंस, कोटक बैंक और RBL बैंक के शेयरों में भारी बिकवाली हुई।
वित्तीय नतीजे
आज इन कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजे आने वाले हैं: BF यूटिलिटीज, कोल इंडिया, गायत्री प्रोजेक्ट्स, ग्लोबस स्पिरिट्स, ग्रीनप्लाई इंडस्ट्रीज, IDFC, IFB इंडस्ट्रीज, इंडियन ओवरसीज बैंक, JB केमिकल्स एंड फार्मा, कजारिया सेरामिक्स, टिप्स इंडस्ट्रीज, उत्तम शुगर मिल्स
कंपनी | मार्च 2021 | मार्च 2020 | दिसंबर 2020 | डिविडेंड |
गायत्री प्रोजेक्ट्स | 25.10 करोड़ | -55.70 करोड़ | 40.20 करोड़ | |
BF यूटिलिटीज | -70 लाख | 70 लाख | -1.80 करोड़ | |
रेस्पॉन्सिव इंडस्ट्रीज | 11.80 करोड़ | -5.80 करोड़ | 4.00 करोड़ | |
इंडियन ओवरसीज बैंक | 350.00 करोड़ | 144.00 करोड़ | 213.00 करोड़ | |
IDFC | 41.10 करोड़ | -240.00 करोड़ | -207.00 करोड़ | |
कजारिया सेरामिक्स | 127.00 करोड़ | 49.60 करोड़ | 119.00 करोड़ | |
ग्लोबस स्पिरिट्स | 50.60 करोड़ | 19.40 करोड़ | 38.20 करोड़ | |
ग्रीनप्लाई इंडस्ट्रीज | 28.60 करोड़ | -21.50 करोड़ | 25.00 करोड़ |