जयपुर
राजस्थान के जलदाय मंत्री महेश जोशी अपने बेटे पर दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद आज पहली बार मीडिया सामने आए। मंत्री महेश जोशी ने कहा कि मैं हमेशा न्याय के साथ रहा हूं। जहां न्याय होगा वही महेश जोशी होगा। पुलिस इस मामले में न्याय करेगी और सच्चाई का पता लगाएगी। राजधानी जयपुर में मीडिया से बात करते हुए महेश जोशी ने कहा कि उनके बेटे रोहित पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मीडिया से ही मिली है। उल्लेखनीय है कि रविवार को जयपुर की एक युवती ने मंत्री महेश जोशी के बेटे के खिलाफ दिल्ली में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता ने रोहित पर दुष्कर्म के अलावा ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने उसके साथ दुष्कर्म होने का स्थान सवाई माधोपुर बताया है। जिसके चलते दिल्ली पुलिस ने जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज कर मामला जांच के लिए महिला थाना सवाई माधोपुर भिजवा दिया है।
पीड़िता ने दिल्ली में दर्ज कराई थी शिकायत
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि रोहित जोशी शादी का झांसा देकर जनवरी 2021 से लेकर अप्रैल 2022 तक उसका शोषण करता रहा। पीड़िता जब रोहित की हरकतों का विरोध करती तो उसके साथ काफी मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने रोहित पर सवाई माधोपुर, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और जयपुर में अलग-अलग स्थानों पर देहशोषण करने के आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही पीड़िता ने रोहित पर उसके पिता महेश जोशी की धौंस दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने और ब्लैकमेल करने के भी आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने रोहित और उसके पिता महेश जोशी से अपने और परिवार को जान का खतरा बताते हुए दिल्ली पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की भी गुहार लगाई है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने आईपीसी की धारा 376, 328, 312, 366, 377, 506 और 509 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे अनुसंधान के लिए महिला थाना सवाई माधोपुर को भेज दिया है।