बीकानेर. दिसम्बर के अंतिम दिनों में बीकानेर पूरी तरह सर्दी की चपेट में आ गया है। सेटेलाइट इमेज में भी बीकानेर संभाग सहित देश के कई हिस्सों में कोहरा साफ नजर आ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को भी बीकानेर में कोहरा रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होने की उम्मीद है। प्रदेश का सबसे कम अधिकतम तापमान भी श्रीगंगानगर में है।
बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में आज भी घना कोहरा व शीतदिन दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान चूरू में 4.2 डिग्री सेल्सियस व श्रीगंगानगर में सबसे कम अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आगामी चार पांच दिनों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। बीकानेर संभाग में अभी भी आगामी 24 घंटों के दौरान मध्यम से घना कोहरा व शीतदिन (Cold day) दर्ज होने की संभावना है। राज्य के उत्तरी भागों में आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने से शीतलहर दर्ज होने की संभावना है। हालांकि बुधवार की तुलना में गुरुवार को तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई थी, फिर भी ये पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास है। गुरुवार रात बीकानेर में 5.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान था।
सेटेलाइट इमेज में कोहरा
मौसम विभाग ने एक सेटेलाइट इमेज भी जारी की है, जिसमें बीकानेर संभाग के साथ ही पंजाब और हरियाणा के हिस्से में भी कोहरा नजर आ रहा रहा है। आने वाले दो दिन तक इस कोहरे का असर रह सकता है। कोहरे के कारण तापमान में गिरावट से सर्दी भी बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। यानी दिन में भी सर्दी में बढ़ोतरी हुई है।
स्कूली बच्चे हुए परेशान
सर्दी बढ़ने के साथ ही स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। सुबह की पारी की स्कूल सात बजे से आठ बजे शुरू होती है, ऐसे में दूर के स्कूल जाने वाले स्टूडेंट्स को सुबह छह बजे बस में बैठना पड़ रहा है। आमतौर पर छह बजे पूरी तरह रोशनी भी नहीं हो रही है।