बीकानेर
बीकानेर के दम्माणी चौक स्थित ऐतिहासिक बड़ा गोपालजी मंदिर से 18 दिन पहले आधा किलो चांदी का मुकुट चोरी हो गया लेकिन पुलिस ने 18 दिन बाद इस मामले की FIR दर्ज की है। ये भी तब हुआ जब क्षेत्र के विधायक और शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने FIR दर्ज करने के लिए पुलिस को फोन किया। अब इस मामले में क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है।
बड़ा गोपालजी मंदिर का कुछ साल पहले ही विस्तार करते हुए बांके बिहारी सहित भगवान की कई नई प्रतिमाएं लगाइ गई थी। इन्हीं में बांके बिहारी के सिर पर करीब आधा किलो चांदी का मुकुट लगाया गया था। गत 18 दिसम्बर को पुजारी पहले जब गया तब सब ठीक था लेकिन आधा घंटे बाद वापस मंदिर की तरफ गया तो मुकुट गायब था। तब हाथों हाथ मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों को सूचना दी गई। पुलिस को भी तभी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर आई, पुजारी से एक लिखित पत्र भी लिया लेकिन FIR नहीं की। दरअसल, दिसम्बर के महीने में चोरी के आंकड़े बढ़ने के कारण FIR दर्ज नहीं की गई। आश्वासन दिया गया कि जल्द ही चोर पकड़ लेंगे। अब 18 दिन बाद भी पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।