स्वघोषित फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान उर्फ केआरके और सिंगर मीका सिंह का विवाद बद से बदतर होता जा रहा है। मीका सिंह ने अपने ताजा बयान में दावा किया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते केआरके की भारत में एंट्री प्रतिबंधित है। वहीं, पलटवार करते केआरके ने मीका को रेपिस्ट और हवस का पुजारी बताया। साथ ही उनकी तुलना सुअर से की है।
मीका ने क्या कहा अपने बयान में
मीका ने अपने बयान में कहा, “केआरके इंडिया में बैन है। वह भारत में प्रवेश नहीं कर सकता। अगर यह सही नहीं है तो वह आगे आए और इस दावे को झूठा बताए। साथ ही यह एलान भी करे कि वह भारत कब आ रहा है। मैं दो कारणों से यह स्पष्ट रूप से जानता हूं कि केआरके भारत नहीं लौटेगा। पहली बात हमने डेढ़ साल पहले केआरके के खिलाफ केस किया था।”
बकौल मीका, “उसने मेरी कजिन को दो प्रॉपर्टी बेची थीं। एक खुद की थी और दूसरी उसके भाई की। केआरके ने अपनी प्रॉपर्टी के पेपर्स पर साइन किया, जो कि सही था। लेकिन उसने अपने भाई की प्रॉपर्टी के पेपर्स पर भी साइन कर दिए। हमने केआरके के खिलाफ FIR की तो उसने जाली सिग्नेचर की बात स्वीकार की थी। वह तभी से फरार है।”
मीका ने सबूत के तौर पर FIR की कॉपी भी दिखाई। साथ ही दावा किया कि KRK को कई बार कोर्ट का नोटिस मिल चुका है, लेकिन उसने उन सभी को नजरअंदाज कर दिया। वे कहते हैं, “KRK अभी भारत नहीं लौट सकता। वह फरार है और उसे भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। पहले उसे दिल्ली और मुंबई में प्रतिबंधित किया गया था, अब पूरे भारत में बैन कर दिया गया है। अगर वह लौटता है तो उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा।”
KRK ने मीका को सुअर बताया
मीका सिंह को जवाब देते हुए केआरके ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे उनकी तुलना सुअर से कर रहे हैं। कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “हवस के देवता मीका सिंह को मेरा जवाब।” वीडियो में केआरके ने मीका के आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले मीका ही कह रहे थे कि वे दो दिन पहले मुंबई स्थित अपने घर से भागे हैं, फिर डेढ़ साल से फरार कैसे हो सकते हैं?
क्या है मीका-KRK का विवाद?
पिछले महीने सलमान खान ने KRK के खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया था। KRK का दावा है कि यह केस उनके द्वारा ‘राधे :योर मोस्ट वांटेड भाई’ के निगेटिव रिव्यू की वजह से किया गया है। जबकि सलमान की लीगल टीम ने एक बयान जारी करते हुए इस दावे को गलत बताया। टीम का कहना है कि KRK के खिलाफ यह केस इसलिए किया है, क्योंकि उन्होंने सलमान को बदनाम करने के उन्हें भ्रष्ट बताया है और उनकी संस्था बीइंग ह्यूमन पर धोखाधड़ी और पैसों की हेरफेर का आरोप लगाया है।
सलमान का पक्ष लेते हुए मीका सिंह ने भी KRK पर हमला बोला था। उन्होंने अपने एक बयान में कहा था, “मैं हैरान हूं कि सलमान भाई ने उसके खिलाफ केस करने में इतना वक्त क्यों लगाया। उस जैसे गधे को जितना जल्दी हो सके, सबक सिखाना चाहिए। वह हमेशा व्यक्तिगत टिप्पणी करता है, जो कि गलत है।”
मीका ने आगे कहा था, “KRK इतना बड़ा चूहा है कि वह अपने बिल से बाहर नहीं निकलेगा। क्योंकि उसे पता है कि जैसे ही वह बाहर निकलेगा, उसे झापड़ पड़ने वाला है।” इसके बाद से KRK और मीका सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर हमलावर हैं।