Friday, February 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

फ्लाइट में बुजुर्ग पर पेशाब करने वाले की गिरफ्तारी होगी:दिल्ली पुलिस ने टीमें बनाई, क्रू मेंबर्स पर भी एक्शन लेगा एअर इंडिया

नई दिल्ली. न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी दिल्ली पुलिस ने कर ली है। आरोपी का नाम शेखर मिश्रा है, जो मुंबई का रहने वाला है। उसकी उम्र लगभग 45 साल है। उसके खिलाफ IPC की धारा 354, 294, 509, 510 के तहत केस दर्ज किया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने टीमें गठित की हैं। वहीं, एअर इंडिया ने भी उस पर एक्शन लिया है। उस पर 30 दिनों तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पहले जानते है क्या है मामला
एअर इंडिया की फ्लाइट में सवार एक व्यक्ति ने बिजनेस क्लास में सफर कर रही बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दी थी। घटना पिछले साल 26 नवंबर की है। इस घटना पर एयरलाइन ने कोई एक्शन नहीं लिया। बुजुर्ग महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन से शिकायत की तब जाकर एयरलाइन के अफसर एक्टिव हुए और दिल्ली पुलिस में FIR कराई।

जब महिला ने लिखी टाटा ग्रुप को चिट्‌ठी, तब सामने आई घटना
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक घटना तब सामने आई जब पीड़ित महिला ने टाटा समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन को चिट्‌ठी लिखी। महिला ने चिट्‌ठी में लिखा कि वह गंदी सीट पर नहीं बैठना चाहती थी। इसलिए उसे दूसरी सीट दी गई। एक घंटे के बाद उसे अपनी सीट पर वापस जाने को कहा गया। उसकी सीट चादरों से ढंकी हुई थी, लेकिन वहां पेशाब की बदबू आ रही थी।

महिला का आरोप है कि बिजनेस क्लास की कई सीटें खाली होने के बावजूद पहले उसे दूसरी केबिन सीट नहीं दी गई थी। क्रू ने वहां कीटाणुनाशक छिड़का, लेकिन महिला ने वही सीट लेने का विरोध किया, तब जाकर उसे दूसरी सीट दी गई।

महिला आयोग भी एक्टिव, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
बुजुर्ग महिला से हुई अभद्रता के मामले का संज्ञान राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया है। आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित कानून के प्रावधानों के तहत मामले में तत्काल केस दर्ज करने और एक बुजुर्ग महिला को मानसिक आघात पहुंचाने के दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

क्रू मेंबर के खिलाफ भी शिकायत, जांच के लिए कमेटी बनी
बुजुर्ग महिला ने टाटा समूह के चेयरमैन से की शिकायत में फ्लाइट के क्रू मेंबर्स पर भी कार्रवाई की मांग की है। इस पर एअर इंडिया ने कहा कि न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में पुरुष यात्री एअर इंडिया कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ-साथ नियामक प्राधिकरणों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

हमने एअर इंडिया के क्रू की चूक की जांच करने और मामले में त्वरित कार्रवाई में देरी के कारणों का भी पता लगाने के लिए एक आंतरिक समिति का भी गठन किया है। हम जांच और रिपोर्टिंग प्रक्रिया के दौरान पीड़ित यात्री और उसके परिवार के नियमित संपर्क में भी हैं।

एअर इंडिया ने पीड़ित का किराया लौटाया
एअर इंडिया ने DGCA को बताया कि पीड़ित महिला को उनका किराया रिफंड कर दिया गया है। एयरलाइंस ने DGCA के कानून प्रवर्तन को इसलिए नहीं बुलाया था, क्योंकि पीड़ित महिला ने कार्रवाई के लिए शुरुआती अनुरोध को वापस ले लिया था। एअर इंडिया इस मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।