श्रीगंगानगर. जिले के रायसिंहनगर के वार्ड दो में करीब डेढ़ बजे एक फ्रूट वेंडर ने घर के ऊपर बने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। फ्रूट वेंडर के परिवार को सुबह इसकी जानकारी मिलने पर घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी रायसिंहनगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसएचओ गणेश कुमार ने मौका मुआयना किया और परिवार के लोगों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई।
रात को ठेला लगाकर लौटा, सुबह फंदे पर मिला
फ्रूट वेंडर संजय कुमार (32) पुत्र राजकुमार अविवाहित था। वह रायसिंहनगर के मुख्य बाजार में फ्रूट का ठेला लगाता था। गुरुवार रात को वह ठेला लगाकर घर लौटा था। इस दौरान वह सामान्य था। उसने खाना खाया और रात को घर के ऊपर बने कमरे में चला गया। वहां उसने छत के कुंडे से फंदा बनाकर जान दे दी। घटना के समय घर में युवक के माता-पिता ही थे। उन्हें युवक के सुसाइड करने की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। एसएचओ गणेश कुमार ने बताया कि कस्बे के वार्ड दो में युवक ने सुसाइड किया है। युवक फल बेचने का काम करता था। सुसाइड के कारणों का पता नहीं लगा पाया है।