फ्रांस से इंग्लैंड जाने वाली इंग्लिश चैनल को पार करने के दौरान बुधवार को एक नाव डूब गई। इस हादसे में 20 से ज्यादा प्रवासियों की डूबने से मौत हो गई। घटना कैलिस के उत्तरी बंदरगाह की है। फ्रांस के आतंरिक मंत्रालय ने बताया कि एक मछुआरों की सूचना के बाद हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद घटनास्थल पर फ्रांसीसी गश्ती जहाज भेजे गए। यहां कई लोग पानी में बेहोश मिले।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान में शामिल होने के लिए तीन हेलीकॉप्टर और तीन नौकाओं को तैनात किया गया है। फ्रांसीसी अधिकारियों के अनुसार, इस साल की शुरुआत से 31,500 लोगों ने ब्रिटेन जाने का प्रयास किया है। इनमें से 7,800 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। यह आंकड़ा अगस्त से दोगुना हो गया है।