Saturday, February 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
पुलिस मुठभेड़ में हार्डकोर माओवादी ढेर
by seemasandesh
घायल दो नक्सलियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार रांची। झारखंड के लोहरदगा जिले के बगड़ू और पेशरार थाना क्षेत्र के जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। वहीं गोली लगने से घायल दो नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल माओवादियों को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक नक्सली की पहचान चंद्रवाहन उरांव के रूप में की गई है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च आॅपरेशन जारी है। बताया गया कि कोरगो जंगल में नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस और सुरक्षाबलों की साझा टीम सर्च के लिए निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा लेकर जवाबी गोलीबारी की। सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों के इस दस्ते की अगुवाई माओवादी संगठन का जोनल कमांडर रवींद्र गंझू कर रहा है। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान मारे गए नक्सली चंद्रवाहन उरांव का शव बरामद कर लिया है। इसके अलावा जख्मी हाल में जिन दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान चंद्रभान पाहन ओर गोविंद बिरजिया के रूप में हुई है। इन दोनों को भी गोलियां लगी हैं। लोहरदगा सदर अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इनका इलाज कराया जा रहा है। इस अभियान में सीआरपीएफ 158 बटालियन, झारखंड पुलिस और जिला बल के जवान और अफसर शामिल हैं। मुठभेड़ खत्म होने के बाद पुलिस पूरे जंगल की घेराबंदी कर सर्च अभियान चला रही है। सुरक्षा बलों के मुताबिक जंगल में कई और नक्सली घात लगाकर छिपे हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ अब तक आधा दर्जन से भी अधिक मुठभेड़ की घटनाओं में कुल 13 नक्सली मारे गए हैं। सिर्फ इस साल 405 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 14 ने आत्मसमर्पण किया है।