श्रीकरणपुर (सीमा सन्देश न्यूज)। पंचायत समिति व जिला परिषद चुनाव के दृष्टिगत कांग्रेस कार्यालय में प्रत्याशियों के चयन एवं चुनावी आंकलन हेतु बैठक का आयोजन किया गया।
प्रभारी कृष्ण नेहरा, विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर, रूबी कुन्नर, जसवंत सिंह गोरखा, सरपंच यूनियन के प्रधान अजायब सिंह धनूर सहित अनेक ग्रामीण जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कांग्रेस चुनाव प्रभारी कृष्ण नेहरा ने कहा कि विधायक कुन्नर के नेतृत्व में निकाय चुनावों में विधानसभा क्षेत्र की चारों नगरपालिकाओं में स्पष्ट बहुमत मिला था। इसके चलते कांग्रेस का बोर्ड बना। अब पंचायत चुनाव में भी एकजुटता का परिचय देते हुए पंचायत समिति प्रधान व जिला प्रमुख कांग्रेस के बनाने हैं। मुख्यमंत्री द्वारा चलाई गई योजनाओं का लाभ हर वर्ग को दिया जा रहा है। गुरमीत सिंह कुन्नर ने कहा कि जिस प्रकार मकान बनाने के लिए सबसे पहले हम नींव पूरी तरह मजबूत बनाते हैं, उसी प्रकार पंचायत चुनाव भी सरकार की नींव है। प्रधान व जिला प्रमुख कांग्रेस के बनने से उनका 50 प्रतिशत वर्क लोड कम हो जाएगा। कुन्नर ने कहा कि टिकट का चयन पार्टी को बहुत सूझबूझ, जातिगत स्थिति व मंथन के उपरांत करती है। कहीं ऐसा ना हो कि टिकट न मिलने पर कोई कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध करने पर ऊतारू हो जाए। पंचायत चुनाव में किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, ब्लकि कांग्रेस के लिए मेहनत कर कांग्रेस को विजयी बनाएं। पूर्व सांसद शंकर पन्नू, ज्ञानी गुरांदित्ता सिंह, बलकरण सिंह गुरुसर ने भी पंचायत चुनाव में केंद्र की खामियों को दोहराते हुए कांग्रेस को विजयी बनाने का आह्वान किया।