पाकिस्तानी फिल्म द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट की शानदार कमाई जारी है। फिल्म ने अब तक ग्लोबली 220 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है। इसने इंडिया की इस साल रिलीज हुई कुछ ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। यूके और नॉर्वे जैसे देशों में इसने आरआरआर, केजीएफ -2 और बजरंगी भाईजान जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। फवाद खान स्टारर ये फिल्म पाकिस्तान फिल्म इंडस्ट्री की अब तक की सबसे महंगी और सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है।
अब तक कर चुकी है 220 करोड़ की कमाई
द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट ने पूरी दुनियाभर में 10 मिलियन डॉलर यानी 220 करोड़ की कमाई कर ली है। इसमें पाकिस्तानी रुपए से 87.50 करोड़ डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस से है जबकि 132.50 करोड़ रुपए ओवरसीज से आए हैं।
इस फिल्म की खास बात ये है कि इसने भारत की ब्लॉकबस्टर फिल्में जैसे आरआरआर, केजीएफ 2 को यूके, नार्वे और गल्फ कंट्रीज में कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। ये फिल्म 13 अक्टूबर 2022 को रिलीज हुई थी।
इंडियन फिल्मों को किया पीछे
यूके में इसने 13.92 करोड़ रुपए की कमाई कर साउथ एशिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले 2018 में आई फिल्म पद्वावत ने यूके में सबसे ज्यादा कमाई की थी।
इसके अलावा नॉर्वे में बजरंगी भाईजान को पीछे करते हुए सबसे ज्यादा कमाई करने वाली साउथ एशियन फिल्म बन गई है। यूएस, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों में भी फिल्म अच्छी कमाई कर रही है।