Monday, February 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पति ने जलन में लगाई थी शराब की लत:100 करोड़ की मालकिन थीं रेखा की सौतेली मां सावित्री, मौत से पहले 19 महीने कोमा में रहीं

महानटी सावित्री। ये नाम है उस एक्ट्रेस का जिसके आगे साउथ के बड़े-बड़े सुपरस्टार भी छोटे साबित होते थे। 1960 के दशक की सबसे सफल और सबसे रईस एक्ट्रेस थीं सावित्री। इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि उस जमाने में इनके पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति थी। चेन्नई में सबसे बड़ा कार कलेक्शन इनके पास था। इनके बंगले के बाहर 10 विंटेज कारें खड़ी रहती थीं। कोई 30 साल के करियर में 5 भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्में करने वाली सावित्री तमिल सिनेमा की पहली फीमेल सुपरस्टार थीं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस रेखा की ये सौतेली मां थीं। तमिल सुपरस्टार जेमिनी गणेशन की दूसरी पत्नी थीं। हालांकि ये शादी ही इनके जीवन और करियर दोनों के लिए सबसे ज्यादा घातक साबित हुई। जब जेमिनी से इनकी शादी हुई, तब वो पहले ही शादीशुदा थे और चार बच्चों के पिता भी थे। गरीबी से शुरू हुआ जीवन शोहरत और दौलत दोनों की ऊंचाई तक ले गया, लेकिन जीवन के आखिरी साल फिर उसी तंगहाली में गुजरे, जहां से जिंदगी शुरू हुई थी।

सावित्री ने अपने शौक और लोगों की मदद के लिए अपनी जायदाद को दोनों हाथों से लुटाया, लेकिन आखिरी समय में खुद के पास कुछ नहीं बचा। पति की बेवफाई ने इन्हें शराब का आदी बना दिया। करियर लगभग डूब गया। 46 साल की उम्र में 19 महीने कोमा में रहने के बाद उनकी मौत हो गई। सावित्री कम उम्र में चली गईं, लेकिन अपनी अदाकारी, डांस और गायिकी से तमिल फिल्म इंडस्ट्री पर वो छाप छोड़ गईं जो हर एक्ट्रेस की चाहत होती है।